उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के बीएन कॉलेज में रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आए श्री राजपूत करणी सेना प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह सालडिया को पूर्व जिलाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने गोली मारी है। हमले में भंवर सिंह घायल हो गए हैं, वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने दिग्विजय सिंह को पकड़ लिया। लोगों ने दिग्विजय सिंह के साथ मारपीट की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद बीएन कॉलेज और भूपालपुरा थाने में करणी सेना के सदस्य और पदाधिकारी इकट्ठे हो गए। बताया जा रहा है कि प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह ने दिग्विजय सिंह को जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया था।
जानकारी के अनुसार 23 सितंबर को श्री राजपूत करणी सेना का उदयपुर के गांधी ग्राउंड में न्यायाधिकार महारैली का आयोजन होना है। इसके लिए आज रविवार को उदयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस बीएन कॉलेज सभागार में आयोजित की गयी थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने के लिए करणी सेना प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह सालड़िया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
जिलाध्यक्ष पद से हटाने को लेकर नाराज था
प्रेसकॉन्फ्रेंस के बाद सभी रिफ्रेंशमेंट कर रहे थे, इसी दौरान करणी सेना के उदयपुर से पूर्व जिलाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने पिस्टल से प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह को गोली मार दी। गोली उनके पीठ में लगी है। फायर की आवाज से सभागार में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और इसी दौरान भंवर सिंह जमीन पर गिर गए।
यह सब देखकर एक बार तो सभी घबरा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने भंवर सिंह को तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया और इधर फरार होने की कोशिश कर रहे दिग्विजय सिंह को लोगों ने पकड़ लिया और उनकी वहीं मौके पर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी दिग्विजय सिंह को पकड़ा और थाने लेकर गयी। बताया जा रहा है कि प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह ने दिग्विजय सिंह को जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया था। जिस बात से दिग्विजय सिंह भंवर सिंह से नाराज चल रहा था। दोनों के बीच पिछले दिनों भी कुछ विवाद हुआ था।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

