Site iconSite icon AR Live News

आपने मणिपुर में भारत माता की हत्या की है, राहुल गांधी ने संसद में प्रधानमंत्री और सरकार पर बोला हमला

you murdered mother india in manipur rahul gandhi attacks on govt in loksabhayou murdered mother india in manipur rahul gandhi attacks on govt in loksabha

नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। संसद सदस्यता बहाल होने के बाद आज बुधवार को राहुल गांधी (rahul gandhi) लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार को जमकर घेरा। राहुल गांधी ने संसद में भाषण की शुरूआत करते हुए सबसे पहले स्पीकर ओम बिड़ला को लोकसभा में रीइंस्टेट करने के लिए धन्यवाद दिया।

राहुल गांधी ने अपने भाषण में भारत जोड़ो यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारत एक आवाज है, भारत हिंदुस्तान के लोगों की आवाज है और अगर हमें इस आवाज को सुनना है तो हमें अपने अंदर के अहंकार को मिटाना होगा। इसके बाद राहुल गांधी मणिपुर मुद्दे पर आए और और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व सरकार को घेरते हुए कहा कि आपने मणिपुर में हिंदुस्तान का कत्ल किया है, आपने मणिपुर में हिंदुस्तान का मर्डर किया है।

मैंने मेरे भाषण की शुरूआत में ही कह दिया था कि भारत एक आवाज है, भारत हमारी जनता की आवाज है, जनता के दिल की आवाज है और उस आवाज की हत्या आपने मणिपुर में की है। इसका मतलब है आपने भारत माता की हत्या मणिपुर में की है। आप देश द्रोही हो, आप देश प्रेमी नहीं हो। आपने देश की हत्या मणिपुर में की है। प्रधानमंत्री ने मणिपुर में भारत माता की हत्या की है।

एक मां मेरी यहां सदन में बैठी है, दूसरी मां को आपने मणिपुर में मारा है

राहुल बोले मणिपुर के हालातों पर अब सवाल उठता है तो आपके प्रधानमंत्री मणिपुर में जा नहीं सकते हैं, क्यों कि उन्होंने मणिपुर में भारत माता की हत्या की है। आप भारत माता के रखवाले नहीं हो, भारत माता के हत्यारे हो। मैं अपनी मां की हत्या की बात कर रहा हूं। एक मां मेरी यहां सदन में बैठी है, दूसरी मां को आपने मणिपुर में मारा है। हर रोज जब तक आप हिंसा को बंद नहीं करोगे, आप मणिपुर में मां की हत्या कर रहे हो।

आप पूरे देश में कैरोसीन फेंक रहे हो, पूरे देश को जलाने में लगे हो

राहुल गांधी ने कहा मोदी जी अगर मणिपुर में हिंदुस्तान की आवाज नहीं सुनते है, हिंदुस्तान के लोगों की आवाज नहीं सुनते हैं, तो किसकी आवाज सुनते हैं। वे सिर्फ दो लोगों की आवाज सुनते हैं। रावण दो लोगों की सुनता था मेघनाथ और कुंभकरण। वैसे ही नरेन्द्र मोदी जी दो लोगों की सुनते हैं अमित शाह और अडानी।

राहुल ने कहा भाईयो और बहनों लंका को हुनमान ने नहीं जलाया था, रावण के अहंकार ने जलाया था। आप पूरे देश में कैरोसीन फेंक रहे हो, आपने मणिपुर में कैरोसीन फेंकी, फिर चिंगारी लगा दी, अब हरियाणा में कैरोसीन फेंक रहे हैं। आप पूरे देश को जलाने में लगे हो। आप भारत माता की हत्या कर रहे हो।

मणिपुर के हालात बताने के लिए दो महिलाओं का दिया उदाहरण

राहुल गांधी ने कहा मैं पिछले दिनों मणिपुर गया, आपके प्रधानमंत्री अबतक मणिपुर नहीं गए हैं। मैं वहां राहत शिविरों में कई महिलाओं और बच्चों से मिला। वहां महिलाओं और बच्चों के साथ क्या हुआ, यह बताने के लिए उन्होंने दो महिलाओं का उदाहरण दिया। राहुल बोले राहत शिविर में जब एक महिला से मैंने पूछा कि तुम्हारे साथ क्या हुआ, तो उसने कहा मेरी आंखों के सामने मेरे बेटे को गोली मार दी, मैं पूरी रात उसकी लाश के साथ लेटी रही। जब सुबह हुई, मैं बहुत डर गयी, मैं सबकुछ वहां छोड़कर यहां आ गयी। बेटे की फोटो निकालकर उसने कहा अब मेरे पास बस यही बचा है।

दूसरी महिला के साथ हुई बातचीत बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब मैं दूसरे राहत शिविर गया और वहां मौजूद एक महिला से पूछा कि तुम्हारे साथ क्या हुआ बहन, तो वो कांपने लगी और जैसे ही उसने उस दृश्य को याद किया वो कांपते हुए बेहोश हो गयी।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version