मानसून ट्रफ लाइन हिमालय की ओर शिफ्ट हो चुकी
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। बारिश का क्रम टूटने से गर्मी और उमस का असर फिर तेज होने लगा है। इधर मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार राजस्थान में आगामी एक सप्ताह के दौरान भी मानसून कमजोर रहेगा।
मौसम विभाग द्वारा मंगलवार को जारी मानसून पूर्वानुमान अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन औसत से उत्तर की ओर (हिमालय की ओर) शिफ्ट हो चुकी है तथा पिछले 3-4 दिनों से राज्य में कमजोर मानसून परिस्थितियां दर्ज की जा रही है।
तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना
पूर्वानुमान अनुसार राजस्थान में आगामी एक सप्ताह के दौरान कमजोर मानसून की परिस्थितियां बनी रहेगी। इस कारण आगामी तीन-चार दिन अधिकांश भागों में अपेक्षाकृत तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की प्रबल संभावना है।
10-11 अगस्त को कुछ जगह हल्की बारिश हो सकती
इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, जयपुर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा उत्तरी व उत्तर-पूर्वी राजस्थान के भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के छुटपुट स्थानों पर 10-11 अगस्त को हल्की बारिश होने की संभावना है। शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
जलाशयों में आवक धीमी पड़ी
बारिश का क्रम टूटने से उदयपुर सहित राजस्थान के कई जलाशयों में पानी की आवक धीमी पड़ गई है। आयड़ नदी से आवक कम होने से उदयसागर के दोनों गेट से निकासी कम कर दी गई है। इससे अब वल्लभनगर बांध होते हुए बड़गांव बांध में भी आवक कम होगी।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

