Site iconSite icon AR Live News

पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी उदयपुर एडि.एसपी सिटी की पोस्ट

RPS Transfer listRPS Transfer list

लकी जैन,उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर पुलिस महकमें में पिछले कुछ महीनों से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चर्चा में हैं। कभी इस पर पदस्थ अधिकारी चर्चा में रहते हैं, तो कभी यह पद ही चर्चा में आ जाता है। राजस्थान सरकार ने मंगलवार को पुलिस महकमे के 61 आरपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है।(rps transfer list)

इस लिस्ट में उन एडिशनल एसपी (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) के नाम भी शामिल हैं, जो 13 जुलाई को ही ट्रांसफर होकर उदयपुर आए थे, जिसमें एडिशनल एसपी(सिटी) की पोस्ट काफी चर्चा में बनी हुई है। कारण है कि बीते 10 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है जब एडि.एसपी (सिटी) पोस्ट पर अधिकारी को जॉइन किए हुए 10 दिन ही हुए हों और उनका तबादला कर दिया गया, जबकि यह पद तीन महीने से खाली था।

उदयपुर में 12 अप्रेल तक एडिशनल एसपी शहर चन्द्रशील ठाकुर थे। तबादला सूची जारी हुई और 13 अप्रेल को चन्द्रशील ठाकुर इस पद से रिलीव होकर कोटा चले गए। लेकिन तब सरकार ने एडिशनल एसपी सिटी जैसे अहम पद पर किसी अन्य अधिकारी की पोस्टिंग नहीं की। ठीक तीन महीने बाद 13 जुलाई को जारी हुई तबादला सूची में सरकार ने एडिशनल एसपी उदयपुर सिटी पद पर अनंत कुमार को लगाया अनंत कुमार ने 22 जुलाई को कार्यभार संभाल लिया। आज मंगलवार को सरकार ने फिर एडि.एसपी की तबादला सूची जारी की। जिसमें अनंत कुमार का तबादला राजसमंद कर दिया है। इस बार भी सरकार ने इस पद पर किसी अन्य पुलिस अधिकारी को नहीं लगाया है। ऐसे में यह पद फिर खाली हो गया है।

महत्वपूर्ण पद होने के बावजूद लंबे समय से खाली, पेंडिंग है कुछ महत्वपूर्ण मामलों की जांच

एडिशनल एसपी सिटी काफी अहम पद है, चुनावी साल को देखते हुए इसका महत्व और बढ़ जाता है। वर्तमान में कुछ महत्वपूर्ण मामलों की जांच भी एडि.एसपी सिटी के पास है, ऐसे में विभाग में चर्चा है कि कौन है जो इस पद को बार-बार खाली करवा रहा है। क्यों कि बीते 10 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है कि इतना महत्वपूर्ण पद इतने लंबे समय से खाली हो। लोग कयास लगा रहे हैं कि शायद कोई अन्य पुलिस अधिकारी इस पद पर आने की कोशिशें कर रहे हैं और सिफारिशें भी लगा रहे हैं।

उदयपुर में इनके भी हुए तबादले

61 पुलिस अधिकारियों की तबादला सूची में एडिएसपी राजेश भारद्वाज को अपराध एवं सतर्कता उदयपुर रेंज, पर्वत सिंह राठौड़ को खेरवाड़ा, मुकेश सांखला को कमांडेंट पीटीएस खेरवाड़ा, माधुरी वर्मा को पुलिस परामर्श एवं सहायता केन्द्र पद पर लगाया है।

यह भी पढ़ें : उदयपुर में प्रशासनिक अधिकारियों का बड़ा फेरबदल

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version