Site iconSite icon AR Live News

विधानसभा में लाल डायरी पर बवाल: मंत्री धारीवाल और बर्खास्त मंत्री गुढ़ा के बीच धक्का मुक्की की नौबत

Rajendra Singh Gudha Show Lal Dairy In Rajasthan Vidhan SabhaRajendra Singh Gudha Show Lal Dairy In Rajasthan Vidhan Sabha

विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शल बुलाकर गुढ़ा को सदन से बाहर निकाला

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान विधानसभा में सोमवार को जोरदार हंगामा हुआ। सदन में नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल और गहलोत सरकार के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के बीच धक्कामुक्की की स्थिति तक बन गई। माहौल को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

सदन में हंगामा तब शुरू हुआ जब बर्खास्त मंत्री व विधायक राजेंद्र गुढ़ा अचानक वेल के बीच में विधानसभा अध्यक्ष के सामने एक लाल डायरी लहराने लग गए। विधानसभा अध्यक्ष ने आपत्ति जताई और गुढ़ा को अपनी सीट पर जाकर बैठने के लिए कई बार कहा गया। गुढ़ा ने बात नहीं मानी और लाल डायरी लहराते रहे इसी बीच वे शांति धारीवाल की टेबल की तरफ बढ़े और उनका माईक नीचे कर दिया। इस दौरान दोनों के बीच धक्का मुक्की की नौबत तक आ गई। स्थिति बिगड़ती देख विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शल बुलाकर गुढ़ा को सदन से बाहर निकालने के आदेश दे डाला। इसके बाद सदन के बाहर भी गुढ़ा और मार्शल टीम के बीच काफी देर तक नौंक झौंक चलती रही।

विधायक रफीक खान सहित अन्य कुछ विधायको ने बीच बचाव किया। रफीक खान ने सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि जैसे ही बीजेपी वाले वैल में आए। गुढ़ा से स्पीकर ने कहा कि आप अपने स्थान पर जाए। इस पर गुढ़ा सीधे धारीवाल के टेबल पर आए माईक को नीचे कर दिया। उनके साथ हाथापाई की कोशिश की, उन पर हमला करने की कोशिश की। खान ने कहा कि मैं धारीवाल के पीछे था तो मैंने आगे आकर बीच बचाव किया, नहीं तो आज सदन में ऐसी घटना घटित हो जाती कि पूरी विधानसभा निंदा का कारण बनती।

डायरी को मैं टेबल पर रखना और जांच कराना चाहता था: गुढ़ा

विधायक राजेंद्र गुढ़ा ने विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि हमने इनकी सरकार को बचाया है। कांग्रेस के नेताओं ने डायरी छीन ली। डायरी को मैं टेबल पर रखना और जांच कराना चाहता था। गुढ़ा ने कहा कि मैंने शुक्रवार को कहा था कि राजस्थान में महिलाएं सुरक्षित नहीं। मुझे नोटिस नहीं देकर सीधा बर्खास्त कर दिया गया। मुझे विधायक के रूप में बैठने के लिए जगह नहीं दी गई। बर्खास्तगी को लेकर वक्तव्य देना चाहता था। मैं किस चीज के लिए माफी मांगू, मैंने क्या गलती की है?।

लाल डायरी के राज खुलते तो सरकार मुसीबत में आ जाती: नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने सदन में हुए हंगामे पर मीडिया से बातचीत में कहा कि राजेंद्र गुढ़ा कल तक सरकार में मंत्री थे। आज वे लाल डायरी का राज़ सदन में खोलते तो सरकार और सत्तापक्ष के नेता मुसीबत में आ जाते। राठौड़ ने कहा कि गुढ़ा के साथ विधायक रफीक खान ने धक्का मुक्की की। ये सब हमारी आँखों के सामने हुआ। ऐसा मंज़र राजस्थान विधानसभा के इतिहास में कभी नहीं देखा। हम सरकार से पूछना चाहते हैं कि एका एक ऐसा क्या हुआ कि गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त किया गया। डायरी में ऐसा क्या है, जिसे छीनने की कोशिश की गई है?।

इसलिए मंत्री पद से बर्खास्त किए गए थे गुढ़ा

गत शुक्रवार को विधानसभा में राजेंद्र गुढ़ा ने अपनी ही सरकार पर निशाना साधा था। गुढ़ा ने कहा था कि इस बात में सच्चाई है कि राजस्थान में हम महिलाओं की सुरक्षा में असफल हो गए हैं। राजस्थान में जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं, ऐसे में हमें मणिपुर पर बात करने की बजाय अपनी गिरेबां में झांकना चाहिए। इस बयान के बाद राज्य सरकार ने राजेंद्र गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया था।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version