Site iconSite icon AR Live News

भाजपा “नहीं सहेगा राजस्थान” कैंपेन चला रही है, जबकि राजस्थान की जनता इन्हें नहीं सहेगी: गहलोत

cm ashok gehlot Press Conference in jaipurcm ashok gehlot Press Conference in jaipur

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार के साथ ही राजस्थान भाजपा पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि “भाजपा नहीं सहेगा राजस्थान” कैंपेन चला रही है। जबकि राजस्थान की जनता इन्हें नहीं सहेगी। मणिपुर में हिंसा केंद्र की लापरवाही से हुई है, लेकिन केन्द्र को फिक्र नहीं है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर रंधावा की मौजूदगी में हुई प्रेस कांफ्रेस में सीएम गहलोत ने कहा कि राजस्थान में कल ऐतिहासिक काम हुआ। मिनिमम इनकम गारंटी का विधेयक पारित किया गया है। हमारी सरकार फिर से बनने पर न्याय योजना भी लाएंगे। हमारी सरकार दोबारा बनी तो न्यूनतम आय गारंटी को और आगे बढ़ाया जाएगा।

बीजेपी हमारी सरकार की योजनाओं से घबरा गई है

गहलोत ने कहा कि राजस्थान ने एफआईआर अनिवार्य रूप से दर्ज करने की शुरुआत की,लेकिन विपक्ष ने जनता को गुमराह करने का अभियान चला रखा है। तथ्यों के आधार पर आलोचना होनी चाहिए। हत्या और महिला अपराधों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है, जबकि पॉक्सो के मामलों में मध्य प्रदेश सबसे आगे है, ये आंकड़े मेरे नहीं हैं, एनसीआरबी के हैं और दोनों ही प्रदेश भाजपा शासित हैं। बीजेपी हमारी सरकार की योजनाओं से घबरा गई है। हमने राजस्थान में 5 बजट पेश किए, कोई टैक्स नहीं लगाया, फिर भी सरकार का रेवेन्यु 72 फीसदी बढ़ा है। कर्ज हर सरकार में बढ़ता है, लेकिन हमने कुशल वित्तीय प्रबंधन किया।

मणिपुर जल रहा है, लोग मर रहे हैं, लेकिन केन्द्र को फिक्र नहीं

सीएम गहलोत ने मणिपुर हिंसा को लेकर कहा कि मणिपुर जल रहा है, लोग मर रहे हैं, लेकिन केन्द्र को फिक्र नहीं है। पीएम मोदी ने मणिपुर पर बयान देते वक्त राजस्थान का जिक्र किया, जो राजस्थान के स्वाभिमान पर चोट है। प्रधानमंत्री विश्व गुरु बनना चाहते हैं, लेकिन ऐसा करने से पहले वे घर तो संभाल लें। गहलोत ने सवाल उठाया कि घटनाक्रम पर 77 दिन हो गए लेकिन संसद के भीतर पीएम ने बयान क्यों नहीं दिया? । मणिपुर में हिंसा केंद्र की लापरवाही से हुई है।

मंत्री गुढ़ा की बर्खास्तगी पार्टी का अंदरूनी मामला

मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा की बर्खास्तगी को लेकर सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि यह पार्टी का अंदरुनी मामला है। गुढ़ा की बर्खास्ती से जुड़े सवाल को ज्यादा तव्वजों देने की बजाय गहलोत ने पत्रकारों से कहा कि अभी चर्चा मिनिमम इनकम गारंटी पर हो रही है। जिस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस हो रही है, सिर्फ उसी पर बात करेंगे।

नेताओं में इतनी समझ तो होनी चाहिए कि RPSC एक संवैधानिक संस्था है

सीएम गहलोत ने आरपीएससी में सुधार करने के सवाल पर कहा कि नेताओं में इतनी समझ तो होनी चाहिए कि ये एक संवैधानिक संस्था है। जिसे हम भंग नहीं कर सकते हैं। पेपर लीक मामले में हमने 200 लोगों को पकड़ा है, प्रदेश में जितनी बड़ी कार्रवाई हुई है, उतनी किसी राज्य में नहीं हुई।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version