उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। कर्नाटक में जैन मुनि की हत्या के विरोध में गुरूवार को बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने इकट्ठे होकर जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने जैन मुनियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जैन मुनि की हत्या के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने की मांग की।
सुबह दस बजे से ही जैन समाज के लोगों ने टाउन हॉल परिसर में इकट्ठे होना शुरू कर दिया था। हजारों की संख्या में जैन समाज के लोग टाउन हॉल पर इकट्ठे हुए, इसके बाद जुलूस निकालते हुए टाउन हॉल से रवाना हुए, जुलूस सूरजपोल से मार्शल चौराहा, धानमंडी होते हुए देहलीगेट और कलेक्ट्री गेट तक पहुंचा, यहां जैन समाज के लोगों ने जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, कर्नाटक के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया और मुनि की हत्या का केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने, आरोपियों को जल्द से जल्द और कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने की मांग की और देश के अन्य जैन मुनियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
जो जैन के साथ हैं, जैन भी उनके साथ हैं
जुलूस में महिला-पुरूषों ने हाथों में तख्तियां भी पकड़ी हुई थीं, जिसमें उन्होंने स्पष्ट लिखा हुआ था कि “जो जैन के साथ हैं, जैन भी उनके साथ हैं”, तख्तियों पर लिखे इन पंक्तियों के जरिए जैन समाज ने देश और राज्य की सरकारों को भी मैसेज देने का प्रयास किया है।

