Site iconSite icon AR Live News

हमारे कई लोग बीजेपी वालों से दोस्ती निभाते हैंः डोटासरा

congress leaders meeting in jaipurcongress leaders meeting in jaipur

जयपुर में प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की हुई बैठक

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की शनिवार को जयपुर में हुई बैठक में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने फिर से सरकार बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कड़वी बातें भी बोली और कहा कि हमारे कई लोग बीजेपी वालों से दोस्ती निभाते हैं।

डोटासरा ने कहा कि कुछ लोग ऐसे बैठे है जो बीजेपी और आरएसएस को ठोक कर जवाब देते हैं, वहीं हमारे कई लोग दोस्ती भी निभाते हैं। यह समय वो नहीं है कि हम दोस्ती निभाएं। बीजेपी गड़बड़ कर रही तो उसके खिलाफ बोलो, आरएसएस गड़बड़ कर रहा है तो उसके खिलाफ भी बोलो। जब मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सका तो तुम्हारा क्या बिगाड़ लेंगे।

डोटासरा ने कहा कि बीजेपी के पदाधिकारी और एमएलए के कहने से अधिकारी चैंज हो जाते हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता या एमएलए के कहने से नहीं होते। इससे कई तरह की दिक्कते आती हैं और हम जब फिल्ड में जाते हैं तो संगठन के लोगों से यह बात सुनने को मिलती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ऑन लाइन संबोधित किया। गहलोत ने पदाधिकारियों को कर्तव्य निर्वहन व जनसेवा करने प्रोत्साहित किया।

किसी की भी सिफारिश से बने हो, काम तो करना होगा

डोटासरा ने प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों से कहा कि किसी को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि मैं अमुक नेता की सिफारिश से पदाधिकारी बना हूं। हो सकता है कि किसी न किसी सीनियर नेता ने आपका नाम लिया हो, लेकिन उसका मतलब यह नहीं कि आप उसके इर्द गिर्द ही घूमे और काम नहीं करे। मैं नहीं चाहता हुं कि हममें से किसी को केसी वेणुगोपाल या सुखजिंदर सिंह रंधावा का यह मैसेज व्हाट्सएप पर देखने को मिले कि आपने अब तक काम किया इसके लिए धन्यवाद और अब आपकी सेवाएं किसी और को दी जाती हैं।

जिलाध्यक्षों को कार्यकारिणी बनाने सात दिन की मोहल्लत

डोटासरा ने कहा कि जिलाध्यक्षों को जिले की कार्यकारिणी सात दिन के अंदर-अंदर बनानी है। आज तक जो परिपाटी चलती रही है कि जिसमें 12-12 महीने तक हम कार्यकारिणी नहीं बनाते हैं। अब वो समय हमारे पास नहीं है। वरिष्ठ नेताओं से सुझाव लेकर कार्यकारिणी बनाकर प्रदेश कांग्रेस को भेज दें। अगर आपने सात दिन में कार्यकारिणी नहीं बनाई तो हमें वहां पर कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर काम करवाना पड़ेगा।

जो मैच फिक्स कर चलते हैं उनका भी ध्यान रखिए: रंधावा

प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि जो काम नहीं करेगा उसको हम नमस्ते कर देंगे। जो मैच फिक्स कर चलते हैं, उनका भी आप ध्यान रखिए। कोई मुझे आकर बताएगा कि यह कांग्रेस के खिलाफ बात कर रहा है और किसी के साथ मिला हुआ है। फिर तो मैं कहुंगा कि आपने यह जानकारी देकर सबसे बढ़िया काम किया है। अनुशासनहीनता अब नहीं चलेगी। कोई कहता कि मैं तो चुनाव जीत जाउंगा। बाकी कांग्रेस हार जाएगी। ऐसी बातें करने वालों की कांग्रेस में जरूरत नहीं है।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version