नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान को पार करते हुए 1978 की बाढ़ के समय के रिकॉर्ड को तोड़कर 207.57 मीटर तक पहुंच गयी है। यमुना का जलस्तर लगातार तेजी से बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आपात बैठक बुलाई।
जानकारी के अनुसार 1978 में दिल्ली में बाढ़ आयी थी, इस समय बाढ़ ने काफी तबाही हुई थी, तब भी यमुना का जल स्तर 207.49 मीटर तक पहुंचा था, लेकिन इस वर्ष दिल्ली में हो रही लगातार बारिश के चलते बुधवार को यमुना का जल स्तर अब तक के सभी रिकॉर्ड को तोड़कर 207.57 मीटर को पार कर गया है।
अधिकारियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली के निचले इलाकों में पानी भराव होने से कई लोगों को वहां से सुरक्षित निकालने की स्थिति आ गयी है। अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए 45 नावें तैनात की गयी हैं। लोगों को इस स्थिति के प्रति जागरूक करने के लिए गैर सरकारी संगठनों को शामिल किया गया है।
यमुना पुल पर रेल यातायात बंद किया गया
जल स्तर बढ़ने से यमुना पुल से गुजरने वाली ट्रेन का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। एक सरकारी अधिकारी ने कहा पुराने रेलवे पुल पर ट्रेफिक बंद कर दिया गया है। अतिरिक्त पानी छोड़ने और लंबे समय तक उच्च जल स्तर को रोकने के लिए ओखला बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं। सभी संबंधित जिला मजिस्ट्रेट और उनकी सेक्टर समितियां सहित अन्य विभाग अलर्ट मोड पर है।

