उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मदार नहर से पानी की आवक बने रहने पर जलसंसाधन विभाग ने सोमवार शाम फतहसागर के गेट खोल दिए। 13 फीट पूर्ण भराव स्तर वाले फतहसागर के गेट खुलने की सूचना मिलते ही लोगों का फतहसागर के ओवरफ्लो स्थल पर पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। जैसे ही गेट खोले लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हर कोई अपने मोबाइल में इस खूबसूरत नजारे को कैद करता नजर आया।
इधर स्वरूपसागर की रपट से धीमी रफ्तार से पानी गिरने का क्रम बना हुआ है। दोनों तरफ से पानी की आवक होने से अब धीरे-धीरे गुमानिया नाले और आयड़ नदी में पानी का बहाव तेज होगा। फतहसागर का देखें वीडियो-
ज्यादा दिन देखने को मिल सकता फतहसागर का झरना
मानसून का सीजन अभी काफी बाकी है और शुरूआती दौर में ही फतहसागर का झरना चल गया है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस बार झील प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों को कई दिनों तक फतहसागर का झरना देखने का अवसर मिल सकता है। एक अहम बात यह भी है कि इस बार 17 और 18 जुलाई को लगने वाले हरियाली अमावस मेले में आने वाले लोगों को भी फतहसागर का झरना देखने का सुअवसर मिल सकता है। मदार के दोनों तालाब पर भी चादर चलने का क्रम बना हुआ है।
उदयपुर जिले में इन तालाबों-बाधों पर चल रही है चादर
वर्तमान में उदयपुर जिले में स्वरूपसागर, मदार तालाब, साबरमती बांध, मादड़ी बांध, जोगीवड़ बांध, रेठों का नाका, चावंड तालाब, खोड़ाखोज, बुझ का नाका, सोम पिकअप वियर और झाड़ोल तालाब पर चादर चल रही है। इनके अलावा कई एनिकट भी इन दिनों छलक रहे है।
बीती रात ओगणा में 77 मिलीमीटर बारिश
मेवाड़ सहित प्रदेश में बारिश का क्रम बना हुआ है। बीती रात उदयपुर शहर में 26 मिलीमीटर बारिश हुई। ओगणा में 77,देवास 51,उदयसागर 32 और वल्लभनगर में 29 मिमी बारिश हुई। इस सीजन में उदयपुर जिले में अब तक गोगुंदा में सबसे अधिक 630 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

