Site iconSite icon AR Live News

राजस्थान विधानसभा चुनाव: कांग्रेस सितंबर के पहले सप्ताह में जारी करेगी प्रत्याशियों की सूची

Congress Meeting in DelhiCongress Meeting in Delhi

चुनाव से पहले पार्टी नेताओं की एकजुटता के लिए नई दिल्ली में हुई बैठक

नई दिल्ली, (एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस इस बार सितंबर के पहले सप्ताह में ही उम्मीद्वारों की सूची जारी कर देगी।

चुनाव से पहले राजस्थान के कांग्रेस नेताओं को एकजुट करने गुरूवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई बैठक में यह तय किया गया। इस बैठक में राजस्थान के कांग्रेस नेताओं को अनुशासन में रहने का पाठ भी पढ़ाया गया।

बैठक के बाद खड़गे ने कहा कि राजस्थान में हर पांच साल पर सरकार बदलने का इतिहास इस बार बदल जाएगा। बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर रंधावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पांव में चोट लगने से जयपुर से वीसी के जरिए बैठक से जुड़े रहे। इस बैठक को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के एक प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है।

कांग्रेस राजस्थान चुनाव जीत सकती है बशर्तें राजस्थान कांग्रेस में एकजुटता हो

बैठक खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इस बैठक में सीएम और पीसीसी चीफ सहित राजस्थान कांग्रेस के 29 नेता शामिल हुए। सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि कांग्रेस राजस्थान चुनाव जीत सकती है बशर्तें राजस्थान कांग्रेस में एकजुटता हो। हमारी सरकार अच्छा काम कर रही है, स्कीम्स बहुत अच्छी है, लेकिन इन स्कीम को नीचे तक पहुंचाने के लिए ज्यादा काम चाहिए। हम कई सर्वे करा रहे हैं और उम्मीदवारों के जीतने की संभावना पर ही उनका चयन होगा। सितंबर के पहले सप्ताह में उम्मीदवारों की सूची घोषित की जाएगी। सीएम चहरे को लेकर वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी भी किसी राज्य में किसी चेहरे पर चुनाव नहीं लड़ती।

पार्टी नेताओं को चेतावनी, अनुशासन में रहें

महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सभी को सख्त अनुशासन का पालन करना होगा। सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए। कोई भी मुद्दा हो पार्टी के अंदर ही चर्चा की जा सकती है। पार्टी की अंदरूनी राजनीति के बारे में पार्टी के बाहर बोलने की आजादी किसी को नहीं है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आरपीएससी मुद्दे का समाधान कर लिया गया है। परीक्षा पेपर लीक में शामिल पाए जाने वालों को कड़ी सजा देने के लिए अगले विधानसभा सत्र में एक अचूक अधिनियम पारित किया जाएगा।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version