उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उदयपुर की टीम ने शुक्रवार को सराड़ा तहसील के पीलादर पटवारी गणपत लाल मीणा को 20 हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी आबादी पट्टे का मौका पर्चा बनाने एवं पट्टा जारी करवाने की एवज में परिवादी से 40 हजार रूपए रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहा था।
एसीबी एडीजी हेमन्त प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी उदयपुर यूनिट ने सराड़ा के पीलादर पटवार मंडल के पटवारी गणपत लाल मीणा को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। परिवादी ने एसीबी कार्यालय पर आरोपी पटवारी के खिलाफ रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि परिवादी ने उसका आबादी भूमि पट्टा जारी करवाने के लिए पटवार मंडल में फाइल लगाई हुई है। लेकिन पटवारी आबादी पट्टे का मौका पर्चा बनाने और पट्टा जारी करवाने की एवज में 40 हजार रूपए रिश्वत की मांग कर रहा है। रिश्वत राशि नहीं देने पर परिवादी को परेशान कर रहा है।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया, तब भी पटवारी ने परिवादी से 5 हजार रूपए वसूल लिए
डीआईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल के सुपरविजन में एसीबी टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, इस दौरान भी पटवारी गणपत लाल ने परिवादी से 5 हजार रूपए वसूल लिए थे। पटवारी के रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर आज शुक्रवार को एसीबी एडिएसपी विक्रम सिंह राठौड़ के नेतृत्व में निरीक्षक डॉ सोनू शेखावत ने टीम के साथ ट्रेप कार्यवाही की और प्रतापगढ़ हाल सुंदरवास उदयपुर निवासी पटवारी गणपत लाल मीणा पुत्र शिवलाल मीणा को परिवादी से 20 हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें : गोडवाड़ देसुरी में विकसित होगा लेपर्ड कंजरर्वेशन रिजर्व
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

