Site iconSite icon AR Live News

अमित शाह के बयान पर सीएम गहलोत का पलटवार

cm ashok gehlot counter amit shah statementcm ashok gehlot counter amit shah statement

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुक्रवार को उदयपुर के गांधीग्राउंड में हुई सभा के दौरान कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर गहलोत सरकार पर उठाए सवाल पर शाम को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पलटवार किया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जवाबी बयान जारी कर कहा कि “यह उम्मीद की जाती है कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति नहीं करेंगे, परन्तु आज उदयपुर में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जो किया वह एक गैर जिम्मेदाराना कार्य है। अमित शाह द्वारा उदयपुर में झूठ बोला गया कि कन्हैयालाल के हत्यारों रियाज अत्तारी और गौस मोहम्मद को एनआईए ने पकड़ा, जबकि सत्य यह है कि घटना के महज चार घंटों में इन दोनों को राजस्थान पुलिस ने पकड़ लिया था।

गहलोत ने कहा यह दुखद घटना 28 जून 2022 को हुई थी जबकि एनआईए को इस केस की फाइल 2 जुलाई 2022 को ट्रांसफर हुई। अमित शाह को संभवत जानकारी में होगा कि ये दोनों हत्यारे भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्हें ये जांच करवानी चाहिए कि इन दोनों के मददगार कौन भाजपा नेता थे जो इनके लिए पुलिस थानों में फोन करते थे। एक ओपन एंड शट केस में चार्जशीट फाइल होने में भी इतना अधिक समय क्यों लगा और इन्हें अब तक सजा क्यों नहीं हुई।

यह बोले थे अमित शाह

गौरतलब है कि उदयपुर के गांधी ग्राउंड में हुई सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा था कि कन्हैयालाल को सुरक्षा किसने नहीं दी.? वह मर गया तब तक किसकी पुलिस चुप रही.? आप तो पकड़ना भी नहीं चाहते थे, एनआईए ने पकड़ा। स्पेशल कोर्ट बनाने का काम आपका है, जिससे आरोपियों को जल्द सजा दी जाए। राजस्थान सरकार हाईकोर्ट को विश्वास में लेकर स्पेशल कोर्ट बनाती तो कन्हैयालाल के हत्यारों को सजा मिल चुकी होती।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version