Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर शहर में जर्जर मकान गिरने से मां-बेटे सहित एक बच्ची की मौत

house collapse in udaipur city areahouse collapse in udaipur city area

हादसे के बाद नगर निगम ने मकानों पर बनाए क्रॉस के लाल निशान

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र के खेरादीवाड़ा स्थित श्रीनाथ जी मंदिर परिसर में बने एक मकान का बड़ा हिस्सा सोमवार रात भरभरा कर गिर गया। हादसे में वहां रह रहे मां-बेटे सहित एक बच्ची की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंचे बचाव दल ने राहत कार्य शुरू किया, देर रात तक मलबा हटाने का काम चला।

सूरजपोल थाने के हेडकांस्टेबल वीरम सिंह ने बताया कि हादसे में रोहित शर्मा (45), इनकी मां संगीता (60) और पड़ोस में रहने वाली बच्ची अनन्या (5) पुत्री देशराज की मौत हुई है। श्रीनाथ जी मंदिर परिसर में बने मकान में रोहित शर्मा माता-पिता (संगीता और सतीश गोस्वामी) के साथ किराए से रहते थे, परिवार मंदिर में सेवाकार्य करते थे। इन्हीं के घर के पास दूसरे मकान में उत्तर प्रदेश के कन्नौज निवासी देशराज भी परिवार के साथ रहते हैं और मंदिर में प्रसाद बनाने का कार्य करते हैं।

हादसे के बाद मकानों पर बनाए क्रॉस के लाल निशान

सोमवार रात करीब 8 बजे संगीता पत्नी सतीश गोस्वामी के घर का एक हिस्सा भराभरा कर गिर गया। मलबे में दबने से वहां मौजूद वृद्धा संगीता और वहां खेल रही पड़ोसी की बच्ची अनन्या की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं रोहित शर्मा को गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर मां-बेटे संगीता और रोहित शर्मा के शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए, वहीं देशराज बेटी का शव लेकर परिवार के साथ रात को ही पैतृक घर कन्नौज के लिए रवाना हो गए।

क्षेत्रीय पार्षद कुलदीप जोशी ने बताया कि मंदिर परिसर में यह मकान दशकों से बने हुए हैं, ऐसे में ये घर काफी जर्जर हो चुके हैं। नगर निगम और मंदिर मंडल दोनों ही यहां किराए पर रह रहे परिवारों का घर खाली करने के लिए कह चुका है और इन मकानों को असुरक्षित घोषित कर चुका था। चूंकि ये परिवार यहां पीढ़ियों से रह रहे हैं, तो इनके पास भी अन्य कोई रहने का ठिकाना नहीं है, ऐसे में ये इन जर्जर मकानों में भी रह रहे थे। रात को हुए हादसे में बाद नगर निगम ने इन मकानों पर लाल क्रॉस के निशान बना दिए हैं।

अनन्या का भाई भी वहीं खेल रहा था, जिसे मां 10 मिनट पहले लेकर गयी

पड़ोसियों ने बताया कि जहां हादसा हुआ वहां अनन्या के साथ उसका छोटा भाई भी खेल रहा था। 10 मिनट पहले ही अनन्या की मां बेटे को खाना खिलाने लेकर गयी थी। इधर मां-बेटे की मौत के बाद घर में अब बस बुजुर्ग पिता सतीश गोस्वामी ही बचे हैं। सतीश के एक बेटे की कोरोनाकाल में मृत्यु हो गयी थी, वहीं दूसरा बेटा रोहित नारायण सेवा संस्थान में काम करता था। पत्नी और बेटे की हादसे में मौत के बाद से बुजुर्ग सतीश काफी सदमे में हैं। बेटी दूसरे शहर रहती है, जिसके आने के बाद अंतिम संस्कार हुआ।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version