Site iconSite icon AR Live News

मुख्यमंत्री गहलोत का उदयपुर-सलूंबर दौरा: किसान महोत्सव का किया शुभारंभ

cm ashok gehlot udaipur and salumber visitcm ashok gehlot udaipur and salumber visit

सलूम्बर में मुख्यमंत्री ने की विभिन्न घोषणाएं

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को उदयपुर-सलूम्बर दौरे पर रहे। उदयपुर के बलीचा स्थिति गौण मण्डी परिसर में उन्होंने दो दिवसीय संभाग स्तरीय किसान महोत्सव का शुभारंभ किया और महोत्सव में संभाग भर से आए किसानों को संबोधित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री गहलोत नव गठित जिला सलूंबर पहुंचे और वहां जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने सलूंबर की जनता से कहा कि सलूम्बर के जिला बनने से अब यहां प्रशासनिक विकेन्द्रीकरण होगा, जिससे प्रदेश का विकास तीव्र गति से होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक ईकाइयां जितनी छोटी होंगी, उतनी ही प्रशासन की आमजन तक पहुंच आसान होगी।

सलूंबर में खुलेगा गर्ल्स कॉलेज, रूठी रानी के महल का होगा जीर्णोद्धार

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में महाराणा प्रताप नगरपालिका, सराड़ा-चावण्ड, सेमाल एवं खरका गांव में पीएचसी, सलूम्बर में कन्या महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। साथ ही, 5 करोड़ रुपए की लागत से रूठी रानी महल और हवामहल, जयसमन्द का जीर्णोद्धार करवाने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री रामलाल जाट, जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय, विधायक नगराज मीणा, प्रीति शक्तावत एवं पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक कृषि पद्धति अपनाना भी जरूरी

किसान महोत्सव में मुख्यमंत्री ने आदिवासी, ग्रामीण किसान से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि यह महोत्सव किसानों को पारंपरिक खेती के साथ ही आधुनिक कृषि पद्धति ये रूबरू कराने के लिए आयोजित किया गया है, ताकि किसान कृषि कार्य में इसे भी अपना सके, इससे उत्पादन में वृद्धि होगी एवं उपज की गुणवत्ता भी बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि राजस्थान कृषि के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। बाजरा, तिलहन एवं दलहन के उत्पादन में जहां राज्य नंबर वन है, वहीं दूध और ऊन के उत्पादन में भी अव्वल है। गहलोत ने कहा कि राज्य में पहली बार किसानों के लिए अलग से कृषि बजट पेश करने की शुरूआत की गई है। कृषक कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर 7500 करोड़ रुपए कर दी गई है।

महोत्सव में मुख्यमंत्री ने मंडी परिसर में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया तथा विधिवत रूप से गौ-पूजन भी किया। उन्होंने परिसर में पौधारोपण करने के बाद कृषि प्रर्दशनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने राजीव गांधी कृषक साथी सहायता योजना के अंतर्गत कृषि कार्य करते हुए काल-कवलित किसानों के आश्रितों को 2-2 लाख राशि के चैक प्रदान किए। साथ ही, कृषि उपज मंडी के विभिन्न श्रेणियों के भूखण्ड आवंटियों को पट्टे भी वितरित किए।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version