मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद विभाग ने दस्तावेजी कार्यवाही पूरी कर जारी किए आदेश
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की सभी श्रेणियों की बसों में आज 23 जून से महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलनी शुरू हो गयी है। इस संबंध में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक नथमल डिडेल ने आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार राजस्थान राज्य की सीमा में राजस्थान रोडवेज की चलने वाली सभी श्रेणियों की बसों में महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
पिछले दिनों सिंधी कैंप पर आयोजित हुए एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभी श्रेणियों की रोडवेज बसों में महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने दस्तावेजी कार्यवाही पूरी की। वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद 22 जून को रोडवेज प्रबंध निदेशक नथमल डिडेल ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जोनल मैनेजर्स को आदेश जारी कर दिए हैं। ऐसे में आज 23 जून से महिलाओं को राजस्थान रोडवेज की सभी श्रेणियों की बसों के किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

