पटना,(एआर लाइव न्यूज)। विपक्ष के 15 दलों की आज शुक्रवार को हुई बैठक करीब चार घंटे तक चली वार्ता के बाद पूरी हो गयी। बैठक में शामिल पार्टी के नेताओं ने साझा प्रेसवार्ता कर बताया कि एक साथ चलने और चुनाव लड़ने पर सहमति बनी है। आगे की रणनीति के लिए जल्द ही अगली बैठक की जाएगी।
बिहार के पटना में मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने यह बैठक बुलाई थी। जिसमें आज 15 विपक्षी दलों की तरफ से छह राज्यों के सीएम और 5 राज्यों के पूर्व सीएम सहित अन्य शीर्ष नेता शामिल हुए थे। बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव में में विपक्ष के एकजुट होकर चुनाव लड़ने और अभी शासन कर रही सरकार को हटाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
नीतीश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि ये काफी अच्छी मुलाकात रही है। कुछ ही दिनों के बाद सभी पार्टी की एक संयुक्त बैठक होगी। एक साथ चुनाव लड़ने पर सहमति बनी है। नीतीश कुमार ने कहा कि अभी जो भी शासन में हैं, वे देश के हित में काम नहीं कर रहे हैं। राज्य सरकार के सामने आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा हुई है।
कॉमन एजेंडा तैयार कर रहे हैं
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि चुनाव लड़ने का कॉमन एजेंडा तैयार कर रहें हैं। 10-12 जुलाई को शिमला में बैठक करेंगे। तब आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ये लड़ाई विचारधारा की लड़ाई है।
हमने तय किया है कि तानाशाह सरकार को हटाएंगे
ममता बनर्जी ने कहा कि मैंने पटना में मीटिंग करने को कहा था, क्योंकि कोई भी जन आंदोलन यहीं से शुरू होता है, हम लोग साथ लड़ेंगे और हमे विपक्षी नहीं बोलिये, हमलोगों ने तय किया कि बीजेपी की तानाशाह सरकार जो चल रही है उसको हटाना है। आज राज्य की सरकारों को परेशान किया जा रहा है। देश के कई हिस्सों में काला कानून लाया जा रहा है। अगर इस बार भी तानाशाह सरकार आएगी तो देश का भला नहीं हो सकता है। इसलिये हम लोगों ने साथ चलने और लड़ने का फैसला लिया है। बीजेपी देश का इतिहास बदलना चाहती है, जिसे हम होने नहीं देंगे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

