नगरीय विकास मंत्री और असम के राज्यपाल ने किया शिलान्यास
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर में 180 करोड़ की लागत से बिछाई जाने वाली सीवरेज लाइनों के लिए गुरूवार को नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल और असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने शिलान्यास किया। इस प्रोजेक्ट के तहत शहर के 14 वार्डों में सीवरेज की लाइनें बिछेगी। यह कार्य 24 महीने में पूर्ण होगा।
उपनगरीय क्षेत्र में आवरी माता मंदिर के पास सामुदायिक भवन में हुए समारोह में नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों का दायित्व है कि तय समय में सीवरेज लाइन का काम पूर्ण करावें। उन्होंने ठेकेदार कंपनी को भी पाबंद किया कि काम गुणवत्ता पूर्ण हो और समय से पूरा हो। उन्होंने कहा कि सीवरेज लाइन का काम कोई आसान काम नहीं है, निरंतर मॉनिटरिंग से ही इसे समय पर किया जा सकता है। धारीवाल ने कहा कि उदयपुर में 14 करोड़ की लागत से झीलों का पुनरुद्धार कार्य भी करवाया जाएगा। धारीवाल ने गहलोत सरकार की योजनाओं के फायदें भी बताएं।
शहर में छोटे-छोटे फ्लाईओवर बनाने की जरूरत
असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि सीवरेज कार्य के लिए स्वीकृत बजट में से शेष 25 करोड़ के बजट से वंचित वार्डों में भी सीवरेज कराया जाए। इससे शहर को भी फायदा होगा और लोगों को सुविधा भी मिलेगी। कटारिया ने शहर में छोटे-छोटे-छोटे 3-4 फ्लाईओवर बनाने की जरूरत भी बतायी। मेयर जीएस टांक, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, राज्य श्रम कल्याण सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष जगदीशराज श्रीमाली, उप महापौर पारस सिंघवी, निर्माण समिति अध्यक्ष ताराचंद जैन, भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली और शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष गोपाल शर्मा भी मौजूद थे।
शहर में 72.69 प्रतिशत एरिया हो जाएगा सीवरेज लाइन से कवर
मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि शहरों में घनी आबादी होने के कारण शत प्रतिशत मकानों को सीवरेज कनेक्शन से जोड़ना जरूरी है। उदयपुर में अमृत 2.0 के फेज प्रथम के तहत 180.53 करोड़ की लागत से 14 वार्डों में 152 किमी लंबाई में सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इससे 18.620 सीवरेज कनेक्शन हो सकेंगे। इस प्रोजेक्ट से लगभग 70 हजार की जनसंख्या लाभान्वित होगीए और उदयपुर नगर निगम सीमा में सीवरेज सिस्टम कवरेज 60.59 प्रतिशत से बढ़कर 72.69 प्रतिशत हो जाएगा।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

