Site iconSite icon AR Live News

हिन्दुस्तान जिंक के शिक्षा संबल समर कैम्प का हुआ समापन

Hindustan Zinc Shiksha Sambal Summer Camp concludes with Resounding Success -1Hindustan Zinc Shiksha Sambal Summer Camp concludes with Resounding Success -1

एक माह में 1500 से अधिक विद्यार्थी हुए लाभान्वित

उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक के शिक्षा संबल कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए एक माह के समर कैंप का समापन समारोह विद्याभवन सोसायटी के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी की खूब तालियां बटोरी और मंच पर उनके एक माह के अनुभव साझा किए। खासबात रही कि स्टूडेंट्स ने समर कैंप में जो सीखा, वही मंच पर बखूबी प्रस्तुत किया, बच्चों में एक माह में इतना परिवर्तन देख सभी ने उनकी खूब तारीफ की।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने कहा कि हिन्दुस्तान जिंक द्वारा शिक्षा संबल कार्यक्रम के तहत् बच्चों के शिक्षण-प्रशिक्षण के लिए किये गये प्रयास सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि समर कैम्प के माध्यम से बच्चों में संकोच की प्रवृति दूर होगी और उनका सर्वागीण विकास होगा।

शैक्षणिक, कौशल विकास, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में लिया हिस्सा

हिंदुस्तान जिंक के डिप्टी सीईओ कृष्णमोहन नारायण ने बताया कि शिक्षा संबल कार्यक्रम के तहत ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए हिन्दुस्तान जिंक द्वारा आयोजित एक माह के समर कैंप में 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। यहां स्टूडेंट्स ने शैक्षणिक, कौशल विकास, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। उदयपुर में 3 आवासीय शिविर और 6 स्थानों जावर, देबारी, दरीबा, चंदेरिया, अगुचा और अजमेर में 12 गैर-आवासीय शिविर आयोजित किए गए थे। हिंदुस्तान जिंक ने 2008 में शिक्षा संबल कार्यक्रम 66 सरकारी स्कूलों में सीखने के माहौल को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया था। तब से अब तक शिक्षा संबल कार्यक्रम में हजारों बच्चे लाभांवित हो चुके हैं।

समापन समारोह में विशिष्ठ अतिथि हिन्दुस्तान जिंक के डिप्टी सीएचआरओ मुनीश वासुदेव, सीईओ जिला परिषद सलोनी खेमका, हिंदुस्तान जिंक के हेड चीफ ऑपरेटिंग एग्जीक्यूटिव माइनिंग प्रवीण शर्मा, हेड सीएसआर अनुपम निधि, एसबीयू निदेशक जिंक स्मेल्टर देबारी मानस त्यागी, विद्या भवन के कार्यकारी समिति के अन्य सदस्यों के साथ विद्या भवन के सीईओ अनुराग प्रियदर्शी मौजूद रहे।

Exit mobile version