उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गुजरात के कच्छ तट से टकराकर सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय क्षेत्रों में तबाही मचाने वाले चक्रवाती तूफान बिपरजॉय की गुरूवार रात राजस्थान में एंट्री हुई है। बिपरजॉय तूफान ने प्रदेश में बाड़मेर और जालौर जिले से प्रवेश किया। तेज हवाओं और बारिश के बीच इन जिलों में कई पेड़ और पोल धराशाई हो गए, वहीं कुछ कच्चे मकानों की छत तक उड़ गयीं।
शुक्रवार को बिपरजॉय का ज्यादा असर प्रदेश के 9 जिलों बाड़मेर, जालोर, जैसलमेर, जोधपुर, पाली, सिरोही, बीकानेर, उदयपुर और राजसमंद में दिखायी दिया। चक्रवाती तूफान के चलते उदयपुर में सुबह से मध्यम तेज हवाएं चल रही हैं और रूक-रूक कर रिमझिम बारिश हो रही है। मौसम विभाग द्वारा बाड़मेर और जालौर में जारी किए गए रेड अलर्ट व पाली, जोधपुर, जैसलमेर, उदयपुर और सिरोही जिलों में जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए स्थानीय जिला प्रशासन ने सावधान रहने की हिदायत दी है।
इन जिलों में हो सकती है 100-150 एमएम तक बारिश
मौसम विभाग ने भारी बारिश की आशंका के चलते हुए बाड़मेर और जालोर में रेड अलर्ट जारी किया है, अनुमान है कि 24 घंटे के दौरान इन जिलों में 200mm (8 इंच) या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है। जबकि पाली, जोधपुर, जैसलमेर, उदयपुर और सिरोही जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए यहां 100 mm (4 इंच) से 150 mm (6 इंच) तक बरसात होने का अनुमान है।
गुजरात में 23 लोग घायल, बकरियों को बचाने के चलते पिता-पुत्र की मौत
गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय इलाकों में बिपरजॉय चक्रवाती तूफान ने जमकर तबाही मचाई है। 70 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के बावजूद तूफान में 23 लोग घायल हुए हैं, वहीं भावनगर में भारी बारिश और तूफान में बकरियों को बचाने की कोशिश में मवेशी पालक पिता-पुत्र की मौत हुई है।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर से चक्रवात बिपरजोय के प्रभाव का जायजा लिया और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द भारी बारिश के कारण राज्य भर में हुए नुकसान से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से टेलीफोन पर बात की और राज्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने गिर के जंगल में शेरों की सुरक्षा को लेकर भी किए गए उपायों की जानकारी ली।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

