उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। चित्तौड़गढ के वांछित तीन आरोपियों को मध्यप्रदेश से पकड़कर राजस्थान ला रही पुलिस टीम पर बुधवार देर रात नीमच शहर के जेतपुरा में हमला हुआ है। बाइक पर आए बदमाशों ने पुलिस की कार पर फायरिंग की, फिर पुलिस सब इंस्पेक्टर नानूराम गहलोत की पिस्टल छीनकर उन पर ही गोली चला दी।
हमले में गोली एसआई के जांघ में लगी और वे घायल हो गए। बाइक पर आए बदमाश पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों को छुड़ाकर ले गए। पुलिस ने बताया कि घायल हुए एसआई नानूराम गहलोत को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रैफर किया गया है।
पुलिस की सर्विस रिवॉल्वर छीन कर एसआई पर चलाई गोली
पुलिस ने बताया कि चित्तौड़गढ के निम्बाहेड़ा सदर थाना पुलिस कुछ वांछित अपराधियों को पकड़ने मध्यप्रदेश के मंदसौर गयी थी। टीम ने मंदसौर के पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र दबिश दी और तीन आरोपियों लखन पुत्र राजू बावरी, नरेंद्र पुत्र गोवर्धन बावरी और दीपक पुत्र नाहर सिंह बावरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम तीनों आरोपियों को निजी स्कॉर्पियो कार से निम्बाहेड़ा लेकर आ रही थी।
इसी दौरान बुधवार रात करीब 12 बजे नीमच शहर के जेतपुरा में बाइक पर सवार दो बदमाशों ने फायरिंग करते हुए पुलिस टीम पर हमला किया। पुलिस जवाबी कार्रवाई करती, तभी एक बदमाश ने एसआई नानूराम गहलोत से सर्विस रिवॉल्वर छीनी और उन पर गोली चला दी। गोली नानूराम गहलोत के जांघ में लगी, जिससे वे गंभीर घायल हो गए। बाइक पर आए बदमाश पकड़े गए तीनों बदमाशों को लेकर फरार हो गए। पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने स्थानीय पुलिस की मदद से नानूराम गहलोत को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें उदयपुर रैफर कर दिया गया है।
5 जून की रात हुई लूट की वारदात के आरोपियों को ट्रेस करते एमपी पहुंची थी पुलिस
चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बताया कि निम्बाहेड़ा में 5 जून की रात लूट की वारदात हुई थी। इसकी परिवादी ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। इस घटना के आरोपियों को ट्रेस करते हुए 6 पुलिसकर्मियों की टीम एमपी के मंदसौर पहुंची थी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चित्तौड़गढ़ ला रही थी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

