नई दिल्ली (एआर लाइव न्यूज)। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 16.5 किलोग्राम सोने की तस्करी (gold smuggling) करते हुए एक महिला समेत उज्बेकिस्तान के दो नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। बरामद सोने की कीमत 10,39,50,00 रुपये आंकी गई।
कस्टम अधिकारी ने बताया कि मध्य एशियाई देश के व्यक्ति की बड़ी मात्रा में विदेशी सोने के साथ दिल्ली पहुंचने की खुफिया जानकारी मिली थी। इस पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने वाले यात्रियों पर कड़ी निगरानी रखी गई। सीसीटीवी फुटेज की जाँच में कस्टम अराइवल हॉल में बेल्ट नंबर 9 के पास एक अचिह्नित बैग पड़ा मिला। बैग को स्कैन करने के बाद खोला गया। बैग से जंजीरों के रूप में लगभग 16.5 किलोग्राम सोना बरामद हुआ।
आरोपी दूसरी फ्लाइट से भागने का प्रयास कर रहे थे
कस्टम अधिकारी ने बताया कि बैग छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने पर एक महिला बेल्ट के पास बैग छोड़ती नजर आई। कस्टम अधिकारियों की एक टीम आईजीआई हवाई अड्डे के प्रस्थान पक्ष में भेज दिया गया। आरोपी महिला एयर अस्ताना फ्लाइट द्वारा भागने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बैग छोड़ने की बात कबूली। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने मुख्य आरोपी के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

