जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान में बीती रात आए तूफान, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से टोंक जिले में 12 लोगों सहित 13 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश के करीब 20 जिलों में शुक्रवार रात तूफान और तेज बारिश आयी। जिसमें टोंक, जयपुर, धोलपुर, कोटा और भरतपुर में 50 से 70 किलोमीटर की रफतार से चली तेज हवाओं और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। कई इलाकों में घंटों तक लाइट बंद करनी पड़ी। बारिश और तूफान के बीच टीन शेड उड़ने, पेड़, बिजली के खंभे सहित अन्य पोल गिरने सहित अन्य घटनाक्रम में भी लोग घायल हुए हैं।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया
प्रदेश में गुरूवार रात आए तूफान और तेज बारिश के बाद मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के 18 जिलों में अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दोसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनू, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, नागौर, श्रीगंगानगर जिले में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में बारिश के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
बारिश-तूफान में दीवार गिरी, दादा-पोते-पोती की मौत
गुरूवार रात आए तूफान और बारिश के चलते प्रदेश में सबसे ज्यादा मौत टोंक में हुईं। टोंक के धन्ना तलाई क्षेत्र में दीवार गिरने से घर में सो रहे दादा-पोते और पोती मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गयी। वहीं टोंक के आंवा क्षेत्र में खेत की रखवाली करने के लिए खेत में सो रहे किसान की बिजली गिरने से मौत हो गयी। इसके अलावा तूफान, बारिश और बिजली की चपेट में आने से टोंक के निवाई क्षेत्र में तीन, मालपुरा में दो, दूनी में दो, दूनी में दो और उनियारा में एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं जयपुर के जयसिंह पुरा खोर थाना क्षेत्र में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

