खान विभाग का टारगेट आधारित एक्शन प्लान
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। खान विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष के पहले त्रैमास में लाइमस्टोन के 60 ब्लॉक्स सहित मेजर मिनरल्स के करीब 71 माइनिंग ब्लॉकों की ई-नीलामी की तैयारी तेज कर दी है। माइनिंग ब्लॉक की भारत सरकार के ई-पोर्टल पर नीलामी होगी।
एसीएस माइंस डॉ. सुबोध अग्रवाल ने इस मामले में मंगलवार को विभागीय अधिकारियों की वीडियो कॉफ्रेसिंग के माध्यम से बैठक ली। इसमें अधिकारियों को अवैध खनन गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस के साथ ही प्रदेश में खनिज खोज और खनन कार्य को गति देने के निर्देश भी दिए गए।
इस साल नया रेकॉर्ड बनाने की कार्य योजना तैयार की जा रही
एसीएस डॉ.सुबोध अग्रवाल ने बताया कि पहले त्रैमास में नीलामी के लिए 60 लाइमस्टोन के ब्लॉकों सहित कॉपर, बेसमेटल, पोटाश, फ्लोराइट, मेग्नेसाइट के ब्लॉक तैयार किए गए हैं। राजस्थान द्वारा खनिज ब्लॉकों की नीलामी में इस साल नया रेकॉर्ड स्थापित किए जाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
निदेशक माइंस संदेश नायक ने बताया कि प्रदेश में माइनिंग विभाग द्वारा इस साल टारगेट आधारित कार्ययोजना तैयार की गई है। बैठक में उपसचिव नीतू बारुपाल, ओएसडी महावीर मीणा, टीए सतीश आर्य, एसजी संजय गोस्वामी, जेएलआर गजेन्द्र सिंह भी मौजूद थे।

