- परिवादी से बोला हर काम के पैसे लगते हैं
- घर के बाहर लगे पोल को शिफ्ट कराने की एवज में मांग रहा था रिश्वत
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उदयपुर (ACB Udaipur Rajasthan) की टीम ने सोमवार को अजमेर विद्युत वितरण निगम (एवीवीएनएल) के उदयपुर में फतहपुरा कार्यालय के जेईएन राहुल द्विवेदी को 5 हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी जेईएन परिवादी से यह राशि घर के बाहर लगे बिजली के खंभे को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट करवाने की एवज में मांग रहा था।
एडि.एसपी उमेश ओझा ने बताया कि विद्युत विभाग एवीवीएनएल फतेहपुरा कार्यालय के जेईएन राहुल द्विवेदी पुत्र राममनोहर द्विवेदी को 5 हजार रूपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। परिवादी ने जेईएन राहुल द्विवेदी के खिलाफ रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि उसके दोस्त के घर के बाहर विद्युत पोल लगा हुआ है। इस पोल को शिफ्ट करने के लिए एवीवीएनएल के सहायक अभियंता कार्यालय मधबुन फतहपुरा में एप्लीकेशन लगाई थी। इस पोल को हटवाने की एवज में फतेहपुरा डिस्काम जेईएन राहुल द्विवेदी सरकारी शुल्क के अलावा 5 हजार रूपए रिश्वत मांग रहा है और नहीं देने पर परेशान कर रहा है।
हर सरकारी कार्य के जेईएन ने तय कर रखे थे रूपए
शिकायत का सत्यापन करने पर रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। जेईएन ने प्रत्येक कार्य के रेट तय कर रखे थे और परिवादी को कहा कि हर कार्य के रूपए लगते हैं। जेईएन परिवादी को रिश्वत राशि लेकर उसके ऑफिस ही बुला लिया। एसीबी टीम भी विद्युत विभाग के फतहपुरा कार्यालय पहुंच गयी। वहां जैसे ही जेईएन राहुल द्विवेदी ने परिवादी से रिश्वत राशि ली, एसीबी ने उसे धर दबोचा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

