Site iconSite icon AR Live News

IAF का मिग-21 हनुमानगढ़ में क्रैश होकर घर की छत पर गिरा: तीन महिलाओं की मौत

three civilians died in IAF mig 21 crash accident in hanumangarh rajasthanthree civilians died in IAF mig 21 crash accident in hanumangarh rajasthan

हनुमानगढ़,(एआर लाइव न्यूज)। प्रदेश के हनुमानगढ़ जिले में सोमवार सुबह भारतीय वायुसेना का फाइटर जेट मिग-21 क्रैश (IAF MiG 21 crash) होकर एक घर पर गिर गया। हादसे में घर की छत पर मौजूद तीन महिलाओं की मौत हो गयी, वहीं दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हैं। वहीं मिग-21 को उड़ा रहे पायलट के भी चोटें आयी हैं।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। मलबे में दबे शवों को निकालकर मोरचरी पहुंचाया गया, वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वायुसेना ने विमान भेजकर घायल पायलट को एयरलिफ्ट करा लिया है।

सीएम अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताया है, उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा सूरतगढ़ में भारतीय वायुसेना के मिग-21 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 3 लोगों की मृत्यु होना दुखद है। मैं ईश्वर से दिवंगतजनों की आत्मा की शांति एवं परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की कामना करता हूं। मृतकों के परिजनों को चिरंजीवी बीमा से नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी। मैं मिग-’21 के पायलट एवं अन्य घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

रूटीन उड़ान पर था मिग-21

भारतीय वायु सेना के अनुसार पायलट ने मिग-21 से रूटीन सोर्टी के लिए सूरतगढ़ बेस से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के बाद पायलट को एयरक्राफ्ट में तकनीकी खराबी होने का पता चला था। पायलट ने एयरक्राफ्ट कंट्रोल करने का काफी प्रयास किया, जब एयरक्राफ्ट से नियंत्रण खो दिया, तो उसने खुद को इजेक्ट करने का निर्णय लिया और एयरक्राफ्ट के क्रैश होने से पहले पैराशूट की मदद से खुद को इजेक्ट कर लिया। हादसे में पायलट के भी चोटें आयीं हैं।

स्थानीय पुलिस ने बताया कि एयरक्राफ्ट क्रैश होकर हनुमानगढ़ के बहलोल नगर स्थित एक घर की छत पर जा गिरा। उस समय छत पर तीन महिलाएं मौजूद थीं, जिनकी हादसे में मौत हो गयी, वहीं दो महिलाएं सहित तीन लोग घायल हुए हैं।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version