नए अध्यक्ष के लिए गठित की कमेटी
मुंबई,(एआर लाइव न्यूज)। एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार (NCP Supremo Sharad Pawar) ने बड़ा ऐलान करते हुए पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ने का फैसला लिया है। शरद पवार ने अपनी राजनीतिक आत्मकथा “लोक माझे सांगाती” का विमोचन करते हुए कहा कि वे पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं। 82 वर्षीय शरद पवार ने कहा कि मुझे पता है कि कब रूकना है। एनसीपी के नए अध्यक्ष के बारे में फैसला करने के लिए एक समिति गठित कर दी गयी है। 1999 में शरद पवार ने कांग्रेस से अलग होकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) बनाई थी, तब से वे ही NCP अध्यक्ष रहे हैं।
एनसीपी के नए अध्यक्ष का नाम तय करने के लिए गठित समिति में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, अजीत पवार, जयंत पाटिल और पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।
इस्तीफे की बात सुनकर कार्यकर्ता भावुक होकर रोने लगे
शरद पवार के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की बात पर एनसीपी कार्यकर्ता भावुक हो गए और इस्तीफे का फैसला वापस लेने की मांग करने लगे। उनका राज्य सभा में अभी तीन वर्ष का कार्यकाल भी बचा हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह पिछले 55 वर्षों की तरह सामाजिक-राजनीतिक माध्यम से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहेंगे।
अजीत पवार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि शरद पवार की उम्र को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। वो सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे। अध्यक्ष नहीं हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि वो पार्टी में नहीं हैं। आप भावुक ना हों। जो भी नया अध्यक्ष होगा, हम उसके साथ खड़े रहेंगे।
यह भी पढ़ें : इस साल गर्मियों में नहीं चलेगी लू
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

