Site iconSite icon AR Live News

सावधान: फ्लैट मालिक ने किराए पर रह रहीं युवतियों के बाथरूम और बैडरूम में लगाए स्पाई कैमरे

spy camera in rented flat bathroom in udaipurspy camera in rented flat bathroom in udaipur

शॉर्ट सर्किट से पकड़ा गया

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। फ्लैट या घर किराए पर लेकर रहने वाली युवतियों के लिए यह खबर सावधान करने वाली है, देश में ऐसी खबरें तो सुनने में आयीं थी कि मॉल या कपड़ों के शोरूम के चेंजिंग रूम में स्पाई कैमरे मिले हैं, लेकिन उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के बोहरा गणेश जी रोड स्थित एक कॉम्पलैक्स के फ्लैट में मकान मालिक ने बाथरूम और बैडरूम में स्पाई कैमरे लगा दिए (spy camera in bathroom) और वह फ्लैट युवतियों को किराए पर दे दिया। फ्लैट मालिक युवक स्पाई कैमरे के जरिए बाथरूम और कमरे में युवतियों को देखता था।

थानाधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि राजेन्द्र उर्फ राज सोनी पुत्र कन्हैयालाल (36) को गिरफ्तार किया है। राजेन्द्र मूलतः बस्सी चित्तौड़गढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में नाथद्वारा में वर्धमान कॉम्पलैक्स निवासी है। राजेन्द्र का कंप्यूटर कार्य व सीसीटीवी कैमरे का व्यवसाय है, ऐसे में वह स्पाई कैमरे के उपयोग के तरीके से भी भलीभांति वाकिफ था। राजेन्द्र का उदयपुर में बोहरा गणेश जी रोड स्थित पार्थ कॉम्पलैक्स में फ्लैट (नंबर 401) है।

इलेक्ट्रिसिटी सॉकेट और बल्व होल्डर में लगाए हुए थे स्पाई कैमरे

आरोपी राजेन्द्र ने कुछ समय पहले बोहरा गणेश जी रोड स्थित पार्थ कॉम्पलैक्स का फ्लैट युवतियों को किराए पर दिया था। इसके बाद युवतियों की अनुपस्थिति में एक दिन वह मरम्मत कराने के बहाने फ्लैट पर आया और बाथरूम व कमरों में स्पाई कैमरे लगा दिए। बाथरूम के इलेक्टिसिटी सॉकेट में और बैडरूम में लगे बल्व होल्डर में स्पाई कैमरे फिट कर दिए। तब से आरोपी राजेन्द्र स्पाई कैमरे के जरिए युवतियों के बाथरूम और बैडरूम की तस्वीरे-वीडियो देख रहा था।

शॉर्ट सर्किट होने पर पता चला स्पाई कैमरों का

पुलिस ने बताया कि फ्लैट में शॉर्ट सर्किट होने से कुछ सॉकेट खराब हो गए थे। युवतियों ने इसे चेक कराने के लिए जब इलेक्ट्रिशियन बुलाया। जब सभी सॉकेट चेक किए गए तो युवतियों को बैडरूम और बाथरूम में स्पाई कैमरे लगे होने का पता चला। इस युवति ने थाने आकर रिपोर्ट दी। जिस पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उदयपुर में ऐसा केस पहली बार सामने आया

उदयपुर में किराए के घर या फ्लैट के बाथरूम, बैडरूम में स्पाई कैमरे लगे होने का ऐसा पहली बार मामला सामने आया है। ऐसे में घर से बाहर पढ़ने या जॉब के लिए दूसरे शहर रह रही युवतियों को सावधान होने की जरूरत है। वे जब भी किसी घर या फ्लैट को किराए पर लें तो वहां यह चेक जरूर कराएं कि कहीं कोई स्पाई कैमरे तो नहीं लग रहे।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version