Site iconSite icon AR Live News

मई के पहले सप्ताह में फिर बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां

weather forecast rain will increase in may in rajasthanweather forecast rain will increase in may in rajasthan

बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ का असर

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। अप्रैल में बेमौसम बारिश का दौर चलने के बाद अब आगामी मई महीने में भी बेमौसम बारिश का दौर चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी कर यह संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार आज शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ, एक परिसंचरण तंत्र के रूप में पाकिस्तान व आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से आज पुनः बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के भागों में बादल छाए रहने व मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की प्रबल संभावना है।

30 अप्रैल को भी राज्य के कुछ भागों में आंधी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 1 मई को तंत्र का प्रभाव कुछ कम होगा। हालांकि, राज्य के उत्तरी व पूर्वी भागों में आंधी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 2 मई से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार पुनः आंधी बारिश की गतिविधियों में 2-3 मई को बढ़ोतरी होगी। आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान औसत से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किए जाएंगे तथा हीटवेव की संभावना नहीं है।

मई में राजस्थान में सामान्य से ज्यादा बारिश की संभावना

राजस्थान में मई महीने के दौरान अधिकतम तापमान औसत से 2-3 डिग्री सेल्सियस कम रहने तथा सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। माह के दौरान औसत से कम हीट वेव होने की भी संभावना है। मई के प्रथम सप्ताह में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी बारिश का दौर जारी रहने से सामान्य से अधिक बारिश दर्ज होगी तथा राज्य के ज्यादातर भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहने की प्रबल संभावना है।

तीसरे व चौथे सप्ताह में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी

मौसम विभाग के अनुसार दूसरे सप्ताह में भी छुटपुट थंडरस्टोर्म गतिविधियां जारी रहने से तापमान सामान्य व सामान्य से कम रहने की संभावना है। मई के तीसरे व चौथे सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है इस दौरान अधिकतम तापमान औसत के आसपास रहने की संभावना है।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version