भाजपा का जन आक्रोश महाघेराव
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने राजस्थान की गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि जनता ने इस सरकार को राहत देने का मन बना लिया, तब गहलोत सरकार को राहत कैम्प याद आए हैं। ऐसे में राहत कैम्प का इस सरकार को कोई फायदा मिलने वाला नहीं है।
सीपी जोशी ने शुक्रवार को उदयपुर के टाउनहॉल में भाजपा की जन आक्रोश महाघेराव सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि जब जनता ने इस सरकार को हमेशा के लिए राहत देने का मन बना लिया, तब गहलोत सरकार को राहत कैम्प याद आए हैं। जोशी ने सवाल उठाया कि जिन योजनाओं का पंजियन करवा रहे हैं, क्या उनकी सूची सरकार के पास नहीं है ?, यदि है तो लाभार्थियों को सीधा लाभ नहीं दे सकते क्या?
यह सरकार सुराज का सपना साकार नहीं कर पायी
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने कहा कि गहलोत सरकार सुराज का सपना साकार नहीं कर पायी। स्थिति तो यह है कि इनके कई विधायक व मंत्री ही सरकार को आए दिन ललकारते हैं। एक पूर्व मंत्री तो आए दिन मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कई सवाल खड़े रहते हैं। यह सरकार तो वह सरकार है जो जयपुर बम ब्लास्ट करने वाले आतंकियों को सजा दिलाने प्रभावी पैरवी तक नहीं कर पायी।
सिर्फ होर्डिंग लगाने का काम कर रही राजस्थान सरकार
जोशी ने कहा कि इस सरकार के दिन गिनती के बचे हैं। यह सरकार तो केवल होर्डिंग लगाने का काम कर रही है, जनता की सेवा करने का काम तो नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। जोशी ने पेपर लीक मामले पर कहा कि ऐसा पहली बार हुआ कि राजस्थान में आरपीएससी मैंबर पेपर लीक मामले में गिरफ्तार हुआ, यह दुर्भाग्य की बात है। जन आक्रोश महासभा में उदयपुर सांसद अर्जुन मीणा, मेयर जीएस टांक, जिला प्रमुख ममता कुंवर, भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली सहित कई भाजपा नेता और विधायक भी मौजूद थे।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

