Site iconSite icon AR Live News

आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में राजस्थान कैबिनेट मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज

Case registered against Rajasthan cabinet minister for abetment to suicideCase registered against Rajasthan cabinet minister for abetment to suicide

जयपुर (एआर लाइव न्यूज)। जयपुर में एक युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में राजस्थान के कैबिनेट मंत्री महेश जोशी (Case registered against Rajasthan cabinet minister) समेत 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

डीसीपी नॉर्थ शशि डोगरा ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि मृतक 43 वर्षीय राम प्रसाद मीणा ने सोमवार सुबह फांसी लगा ली। उसके भाई महावीर मीणा द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार भाई राम प्रसाद मीणा ने मरने से पूर्व बताया था कि मंदिर संचालक देवेन्द्र शर्मा, ललित शर्मा, राकेश टांक, मुंजी टाक व उनका साथी देव अवस्थी, लालचन्द देवनानी, हिमांशु देवनानी और हवामहल विधायक व कैबिनेट मंत्री महेश जोशी उसे मंदिर के पास वाली जमीन खाली करने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जबकि हमने 2017 में इस जमीन का पट्टा नगर निगम से लिया हुआ है।

शव को कमरे में बंद रख धरने पर बैठा परिवार

महावीर ने रिपोर्ट में बताया कि नगर निगम अधिकारी नील कमल मीणा को जमीन के दस्तावेज दिखाए तो उन्होंने कहा कि काम रोकने के लिए मेरे ऊपर मंत्री महेश जोशी का दबाव है। इसके बाद हमारा पूरा परिवार 13 अप्रैल को सिविल लाईंस स्थित महेश जोशी के घर गया। जहां मंत्री महेश जोशी ने हमें धमकाया। परिजनों ने मृतक राम प्रसाद मीणा का शव पिछले 24 घंटे से घर के कमरे को ताला लगा रखा है। और आरोपियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर वे वहां पर धरने पर बैठे हैं।

सीएम के आदेश के बाद हरकत में आई निगम

मामला संज्ञान में आने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हेरीटेज निगम को आरोपी देवेन्द्र शर्मा के होटल पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। जो मृतक की जमीन के पास ही है और इसका निर्माण अवैध रूप से चल रहा था। आदेश के बाद मंगलवार दोपहर 12 बजे विजिलेंस की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। गुस्साए लोगों ने विजिलेंस ऑफिसर नीलकमल मीणा के साथ हाथापाई कर दी।

यह है मामला

राम प्रसाद मीणा चांदी की टकसाल, काले हनुमान मंदिर के पास रहता था। यहां से 200 मीटर दूर स्थित उसकी जमीन पर मकान बनाना चाहता था। मंत्री महेश जोशी सहित 8 लोग उसे मकान बनाने से रोक रहे थे। शनिवार को राम प्रसाद की दादी मंत्री महेश जोशी से मिलने गई, लेकिन उन्होंने कोई मदद नहीं की।

सुसाइड से पहले बनाया वीडियो

सुसाइड से पहले बनाये वीडियो में उसने कहा कि उसकी जमीन के सभी डॉक्युमेंट होने के बाद भी उसे मकान नहीं बनाने दिया जा रहा है। गिरधारी जी मंदिर संचालक देवेंद्र शर्मा, ललित शर्मा, होटल रॉयल शेरटन के मालिक मुंजी टांक, देवा अवस्थी, लालचंद देवनानी और कैबिनेट मंत्री महेश जोशी ने परेशान कर रहे हैं। जिसकी वजह से मेरी मां गुलाबी देवी और पत्नी सुमन मीणा बीमार रहती है। हर जगह शिकायत देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके चलते मैं सुसाइड करने जा रहा हूं। सांसद किरोड़ी लाल मीणा से निवेदन करता हूं कि मेरे परिवार को इंसाफ दिलाए।

सुभाष चौक थाना सीआई रामफूल ने बताया कि रिपोर्ट में कैबिनेट मंत्री का नाम होने के कारण मामले की जांच PHQ व उच्चाधिकारियों को भिजवाई जायेगी।

Exit mobile version