- पैंथर के संभावित स्थानों पर लगाए 5 पिंजरे
- ड्रोन कैमरा उड़ा कर पता कर रहे पैंथर का मूवमेंट
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। अंबामाता थाना क्षेत्र के पालड़ी गांव में पैंथर हमले में हुई ग्रामीण फतह सिंह खरवड़ की मौत मामले में रविवार को मोरचरी में एकत्रित ग्रामीणों, समाज के मौतबीर और जनप्रतिनिधियों से आक्रोश जताया। ग्रामीण मृतक के परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता देने की मांग पर अड़ गए और शव लेने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि वन विभाग जल्द से जल्द पैंथर को पकड़े, गांव में दहशत का माहौल है, खेतों में गेहूं की फसल पड़ी हुई है, लेकिन ग्रामीण खेत पर जाने से डर रहे हैं।
मोरचरी में करीब तीन से चार घंटे तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश की, इसके बाद कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि परिवार के किसी एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दी जाएगी और नियमानुसार 7 लाख रूपए वन विभाग, 5 लाख रूपए चिरंजीवी दुर्घटना बीमा के और 2 लाख रूपए कृषक योजना के तहत मृतक के परिवार को दिए जाएंगे। इधर वन विभाग ने भी गांव में संभावित स्थानों पर 5 पिंजरे लगा दिए हैं। करीब 3 से 4 घंटे तक चली बातचीत और समझाइश के बाद परिजन शव लेने को तैयार हुए। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ और परिजनों को सौंपा गया। मोरचरी में सरपंच संजय शर्मा, पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास, खरवड़ चांदणा समाज के अध्यक्ष किशन सिंह परमार, इंटक अध्यक्ष हरि सिंह, वकील सोहन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह छाली सहित करीब 200 से 250 लोग मौजूद रहे।
पहाड़ी पर रहता है पैंथर परिवार
वन विभाग ने प्राप्त जानकारी के अनुसार पैंथर के संभावित स्थानों पर 5 पिंजरे लगाए गए हैं, जहां वनकर्मी दिन-रात निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा पैंथर का मूवमेंट और लोकेशन पता करने के लिए क्षेत्र में ड्रोन कैमरे उड़ाए गए। जिससे पता चला है कि दो पैंथर पहाड़ी पर हैं। जानकारी के अनुसार उस पहाड़ी पर पैंथर परिवार रहता था। जिसमें 2 पैंथर को वन विभाग दो महीने पहले रेस्क्यू कर चुकी है, वहीं अब दो पैंथर पहाड़ी पर हैं, जिनमें से एक ने बीती रात ग्रामीण फतह सिंह पर हमला कर मार दिया था।
यह भी पढ़ें : पैंथर ने खेत में बैठे ग्रामीण पर किया हमला, दर्दनाक मौत
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

