Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर में पैंथर ने ग्रामीण का किया शिकार, पैर और पेट खा गया पैंथर, ग्रामीणों में दहशत

man killed by panther in udaipurman killed by panther in udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। अंबामाता थाना क्षेत्र के शहर से नजदीक पालड़ी गांव में आज शनिवार रात पैंथर हमले में ग्रामीण की मौत हो गयी। पैंथर ग्रामीण का एक पैर और पेट का काफी हिस्सा खा गया। घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि पैंथर के हमले में पालड़ी निवासी फतह सिंह खरवड़ (70) पुत्र नवल सिंह की मौत हुई है। फतह सिंह शाम को खेत में रखी रखे गेहूं देखने गए थे, वह खेत में बैठे ही थे, तभी पैंथर ने उन पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना पर अंबामाता पुलिस, वन कर्मी, सरपंच संजय शर्मा और पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को मोरचरी पहुंचाया। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में दहशत है।

उप वन संरक्षक सुपांग शशि ने बताया कि शव की स्थिति के अनुसार हमला पैंथर का ही है। क्षेत्र में कुछ समय पूर्व भी पैंथर मूवमेंट की सूचना आयी थी, जिस पर क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया था, करीब एक से दो महीने पहले दो पैंथर क्षेत्र से रेस्क्यू किए गए थे। इसके बाद क्षेत्र में पैंथर मूवमेंट की कोई सूचना नहीं आयी थी। आज अचानक पैंथर अटैक में ग्रामीण की मौत की सूचना आयी है। घटनास्थल सहित क्षेत्र में वन कर्मी मौजूद हैं, पैंथर मूवमेंट का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खेत में रखे गेहूं की रखवाली करने गए थे

पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास ने बताया कि फतह सिंह के घर के पास ही खेत है। खेत में गेहूं की फसल पड़ी हुई थी। पूरे परिवार ने दिनभर खेत में रखे गेहूं निकाले और घर पहुंचाए। कुछ गेहूं खेत में ही रह गए थे, जिनकी रखवाली करने फतह सिंह खेत पर गए थे। वह खेत में बैठे थे, तभी पैंथर ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद से ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत है। ग्रामीणों ने कहा कि पैंथर मूवमेंट काफी समय से क्षेत्र में था, लेकिन वन विभाग के अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version