जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जवाहर कला केंद्र की स्थापना के 30 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ शनिवार को जयपुर में हुआ।
प्रमुख शासन सचिव, कला,साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग गायत्री राठौड़ ने डूडल वॉल पर शुभकामना संदेश लिखकर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों के साथ केक काटकर सभी को बधाई दी। 10 अप्रैल तक जवाहर कला केंद्र में विभिन्न कलात्मक गतिविधियां आयोजित होगी। इस दौरान जवाहर कला केंद्र की अतिरिक्त महानिदेशक प्रियंका जोधावत, क्यूरेटर अब्दुल लतीफ उस्ता समेत कई प्रशासनिक अधिकारी व कला प्रेमी मौजूद थे।
कच्छी घोड़ी, शहनाई,कठपुतली, लोक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे
तीन दिवसीय समारोह के शुभारंभ अवसर पर केंद्र में कच्छी घोड़ी, शहनाई, कठपुतली,लोक नृत्य की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि जवाहर कला केंद्र देश का प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र बनकर उभरा है। कलाकारों ने यहां से शुरुआत कर अहम मुकाम हासिल किए हैं। प्रदेश की लोक कला और संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को उनसे जोड़ने वाली गतिविधियों का भी यहां आयोजन किया जा रहा है।

