Site iconSite icon AR Live News

बचपन के दोस्त प्रशिक्षु पुलिस सब इंस्पेक्टर और पटवारी रिश्वत लेते धरे गए

udaipur acb arrests probationar sub inspector and patwari for taking bribe in chittorgarhudaipur acb arrests probationar sub inspector and patwari for taking bribe in chittorgarh

भर्ती होते ही शुरू की घूसखोरी की ट्रेनिंग

उदयपुर/चित्तौड़गढ़,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उदयपुर की स्पेशल यूनिट ने मंगलवार को चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाने में बड़ा ही रोचक ट्रेप किया, मानो एक के साथ एक फ्री रिश्वतखोर पकड में आ गए। रिश्वतखोर भी बचपन के दोस्त और एक प्रशिक्षु पुलिस उप निरीक्षक और दूसरा प्रशिक्षु पटवारी। सरकारी नौकरी में आते ही काम की ट्रेनिंग के साथ ही बचपन के दोनों दोस्तों ने घूसखोरी की ट्रेनिंग भी साथ ही शुरू कर दी।

एसीबी डीआईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल ने बताया कि चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाने के प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर रामसिंह गुर्जर और इसके दोस्त प्रशिक्षु पटवारी देवेन्द्र कुमार बारेठ को तीन हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

सब इंस्पेक्टर ने महिला को रिश्वत राशि लेकर थाने ही बुला लिया

एडि.एसपी उमेश ओझा ने बताया कि परिवादी महिला ने एसीबी कार्यालय आकर चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाने के पुलिस उप निरीक्षक राम सिंह गुर्जर के खिलाफ 10 हजार रूपए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की। शिकायत में महिला ने बताया कि उसके पति के खिलाफ कोतवाली थाने में एक मामला दर्ज हुआ है, जिसमें उसके पति को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पति को बाहर निकालने की एवज में राम सिंह गुर्जर 10 हजार रूपए रिश्वत मांग रहा है।

एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया, रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर आज मंगलवार को एसीबी टीम चित्तौड़गढ़ पहुंची। सब इंस्पेक्टर राम सिंह गुर्जर ने महिला को रिश्वत राशि लेकर थाने ही बुला लिया। महिला तीन हजार रूपए का ही इंतजाम कर पायी थी। ऐसे में महिला तीन हजार रूपए लेकर ही थाने पहुंच गयी।

रिश्वत राशि लेकर दोस्त को पकड़ा दिए

महिला जब थाने पहुंची, तब राम सिंह के साथ उसका दोस्त देवेन्द्र कुमार बारेठ भी मौजूद था। राम सिंह ने महिला से तीन हजार रूपए लिए और तत्काल वह राशि दोस्त देवेन्द्र कुमार बारेठ को दिए और थाने से जाने को कहा। इसी दौरान एसीबी टीम ने थाने में दबिश देकर सब इंस्पेक्टर राम सिंह गुर्जर और देवेन्द्र कुमार बारेठ को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। राम सिंह का दोस्त देवेन्द्र गंगरार के बोलों का सांवता पटवार मंडल में प्रशिक्षु पटवारी है। दोनों ही बचपन के दोस्त हैं।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

यह भी पढ़ें : शराब की लाइसेंसी दुकानों से आबकारी अधिकारी का बंधी का खेल

Exit mobile version