Site iconSite icon AR Live News

महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना

महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र (Mahila Samman savings certificate), 2023महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र (Mahila Samman savings certificate), 2023

7.5 प्रतिशत निश्चित त्रैमासिक चक्रवृद्धि ब्याज मिलेगा

दिल्ली (एआर लाइव न्यूज)। वित्त मंत्रालय ने महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र (Mahila Samman savings certificate), 2023 के लिए राजपत्र अधिसूचना जारी कर इसे तत्काल प्रभाव से 1.59 लाख डाकघरों में उपलब्ध कराया गया है। यह लड़कियों सहित महिलाओं के वित्तीय समावेशन और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दो साल की इस योजना में दो लाख रुपये की अधिकतम सीमा के साथ लचीले निवेश और आंशिक निकासी उपलब्ध है। साथ ही यह 7.5 प्रतिशत निश्चित त्रैमासिक चक्रवृद्धि ब्याज प्रदान करती है। यह योजना 31 मार्च, 2025 तक दो साल की अवधि के लिए वैध है।

राष्ट्रीय बचत (मासिक आय खाता) (संशोधित) योजना, 2023 के माध्यम से 1 अप्रैल, 2023 से एक खाते के लिए अधिकतम निवेश सीमा चार लाख पचास हजार रुपये से बढ़ाकर नौ लाख रुपये और संयुक्त खाते के लिए नौ लाख रुपये से 15 लाख रुपये कर दी गई है। इसी तरह वरिष्ठ नागरिक बचत (संशोधित) योजना, 2023 के माध्यम से अधिकतम निवेश सीमा आज से प्रभावी 15 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये की गई है।

छोटी बचत योजनाओं में किए गए निवेश पर मिलेगा बेहतर रिटर्न

बचत जमा और पीपीएफ को छोड़कर सभी छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों को भी 1 अप्रैल, 2023 से बढ़ाते हुए संशोधित किया गया है। इन उपायों से डाकघर के लघु बचत ग्राहकों को अत्यधिक लाभ होगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में और लड़कियों, महिलाओं, किसानों, कारीगरों, वरिष्ठ नागरिकों, कारखाने के श्रमिकों, सरकारी कर्मचारियों, छोटे व्यापारियों और समाज के अन्य वर्गों में इन योजनाओं में अधिक निवेश आकर्षित होगा। छोटी बचत योजनाओं में किए गए निवेश पर उन्हें बेहतर रिटर्न मिलेगा। अधिक जानकारी के लिए http://www.indiapost.gov.in देखें।

Exit mobile version