मौसम विभाग का पूर्वानुमान
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। इस साल मार्च महीने में आए दिन मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। इसके चलते थोड़े थोड़े दिनों के अंतराल में ही बे-मौसम बारिश का क्रम भी बना हुआ। अब मौसम विभाग ने एक बार फिर राज्य में 29 से 31 मार्च के बीच कुछ जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान लगाया है। इससे किसानों की चिंता फिर बढ़ गई है।
मौसम विभाग द्वारा आज मंगलवार को जारी मौसम पूर्वानुमान अनुसार आज वायुमंडल के निचले स्तरों में दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 29-30 मार्च को सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। इसके असर से 29 मार्च को जोधपुर, बीकानेर संभाग के पश्चिमी भागों में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी प्रबल संभावना
30 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक प्रेरित परिसंचरण तंत्र बनने तथा विक्षोभ का प्रभाव सर्वाधिक होने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, कोटा व भरतपुर संभाग के जिलों में मध्यम से तीव्र आंधी,बारिश अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी प्रबल संभावना है।
1 अप्रैल को आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च को बीकानेर, जयपुर, कोटा तथा भरतपुर संभाग के जिलों में मेघगर्जन, बारिश, अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।
आगामी 1 अप्रैल को आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा केवल उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश तथा शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
किसानों को किया सावचेत
आगामी तीन दिनों में बारिश और कहीं कहीं ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को भी सावचेत किया है। मौसम विभाग ने किसानों को कृषि मौसम सलाह दी है कि कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके। खुले में पड़ी फसलों को भी ढककर अथवा सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें। रबि की फसलों में सिंचाई तथा किसी भी प्रकार का रासायनिक छिड़काव बारिश की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए ही करें।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

