जयपुर (एआर लाइव न्यूज)। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में सीपी जोशी (BJP State President CP Joshi) ने सोमवार को जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में पदभार संभाल लिया। समारोह में प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, सहप्रभारी विज्या राहटकर, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया भी मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समारोह में वर्चुअल तौर पर शामिल हुईं।
पार्टी मुख्यालय के बाहर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सीपी जोशी ने कहा कि पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे पूरी इमानदारी से निभाने की कोशिश करूंगा। हम राजस्थान में एक टीम के रूप में काम करेंगे, मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और समर्थन के साथ काम करूंगा। उन्होंने कहा कि हम ‘टीम राजस्थान’ बनाएंगे और पार्टी को आगे बढ़ाएंगे। जोशी ने दावा किया कि पार्टी राज्य में अगला विधानसभा चुनाव जीतेगी।
बड़ी संख्या में चित्तौड़गढ़ के कार्यकर्ता भी पहुंचे जयपुर
सीपी जोशी दिल्ली से सड़क मार्ग से होते हुए जयपुर पहुंचे। जोशी सुबह बजे दिल्ली से रवाना होकर करीब 7 घंटे में जयपुर पार्टी मुख्यालय पहुंचे। दिल्ली से सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ जयपुर पहुंचे जोशी का जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया गया। चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने से चित्तौड़गढ़ के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। पार्टी के जिला अध्यक्ष गौतम दक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चार-पांच दिन पहले ही जयपुर पहुंच गए।
समारोह में ये नेता भी हुए शामिल
समारोह में बीजेपी के वरिष्ठ नेता ओम माथुर, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, सांसद दीया कुमारी, सुमेधानंद सरस्वती, बाबा बालकनाथ, रामचरण बोहरा, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, बड़ीसादड़ी विधायक ललित ओस्तवाल, जिला प्रमुख सुरेश धाकड़, पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी सहित कई सांसद,विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

