Site iconSite icon AR Live News

पिछोला-फतहसागर भरने शनिवार को खोलेंगे आकोदड़ा और मादड़ी बांध के गेट

akodra madri dam gate will open for pichola and fatehsagar lakeakodra madri dam gate will open for pichola and fatehsagar lake

विभाग ने नदी नालों के आसपास रहने वाले लोगों को किया सावचेत

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर की पिछोला झील और फतहसागर को भरने के लिए जलसंसाधन विभाग शनिवार को आकोदड़ा और मादड़ी बांध के गेट खोलेगा। इस दौरान अमरजोक-बुझड़ा- सीसारमा नदी में बहाव तेज रहेगा। ऐसे में लोगों को बहाव क्षेत्र से दूर रहने और पशुओं को भी बहाव क्षेत्र से दूर रखने सावचेत किया गया है।

गर्मी के सीजन में उदयपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में पिछोला और फतहसागर से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित नहीं हो। इसको ध्यान में रखते हुए जलसंसाधन विभाग शनिवार सुबह 11.30 बजे आकोदड़ा और मादड़ी बांध के गेट खोलेगा। जल संसाधन विभाग के एक्सईएन अनिल थालोर ने बताया कि दोनों बांधों के गेट साथ खोलने से अमरजोक-बुझड़ा-सीसारमा नदी में पानी का बहाव तेज होगा। ऐसे में क्षेत्र के आमजन और पशु पालकों को नदी के बहाव क्षेत्र से दूर करने को आगाह किया गया है।

पिछोला भी भर जाएगा और फतहसागर के जलस्तर में भी आशानुरूप बढ़ोतरी हो सकेगी

पिछले दिनों देवास प्रथम बांध (अलसीगढ़)के गेट खोलकर पिछोला में पानी डायवर्ट किया गया था, हालांकि देवास प्रथम बांध में पानी की मात्रा ज्यादा नहीं होने से पिछोला के जलस्तर में कोई ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो पायी, लेकिन आकोदड़ा और मादड़ी बांध में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने से एक साथ दो तरफा आवक से पिछोला भी भर जाएगा और फतहसागर के जलस्तर में भी आशानुरूप बढ़ोतरी हो सकेगी। वर्तमान में पिछोला का जलस्तर 11 फीट के मुकाबले 8 फीट 4 इंच और फतहसागर का 13 फीट के मुकाबले 7 फीट 11 इंच है।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version