Site iconSite icon AR Live News

जलदाय विभाग: एक साल में प्रदेश में 14252 अवैध नल कनेक्शन हटाए, सर्वाधिक अजमेर में

ACS phed held a meeting in jaipurACS phed held a meeting in jaipur

विभाग के एसीएस ने ली समीक्षा बैठक

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गर्मी का सीजन शुरू होते ही जलदाय विभाग ने पेयजल वितरण व्यवस्था की मॉनिटरिंग तेज कर दी है। इस बार भी बूस्टर्स जब्त करने और अवैध नल कनेक्शन काटने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

जलदाय विभाग के एसीएस डॉ.सुबोध अग्रवाल ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है कि अवैध कनेक्शन, बूस्टर्स के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। लापरवाही बरतने वाले अभियंताओं को नोटिस दिए जाएंगे। गर्मी के दिनों में आमजन को पेयजल को लेकर परेशानी नहीं हो इसके लिए अधिकारियों को पेयजल वितरण व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में बताया गया कि एक अप्रेल 2022 से 2 मार्च 2023 तक कुल 14 हजार 252 अवैध जल संबंध हटाए गए हैं। सर्वाधिक 2215 अवैध कनेक्शन अजमेर में हटाए गए। नागौर में 2136 एवं जयपुर में 1955 कनेक्शन हटाए गए हैं। विभाग द्वारा इस अवधि में 709 बूस्टर जब्त किए गए। एसीएस डॉ.सुबोध अग्रवाल ने हनुमानगढ़, धौलपुर, करौली, सीकर, झुंझुनूं एवं बांसवाड़ा जिलों में अवैध बूस्टर्स जब्त करने की कार्रवाई में जीरो प्रोगेस दिखाने पर हैरानी जताई।

जेजेएम में सबसे नीचे पायदान के जिलों के अभियंताओं को चार्जशीट मिलेगी

एसीएस डॉ. अग्रवाल ने जेजेएम की समीक्षा के दौरान कहा कि जिन जिलों की प्रगति 30 प्रतिशत से कम हैं वहां के प्रभारी अभियंता (एसई) को चार्जशीट दी जाए। इस वित्तीय वर्ष में तय लक्ष्य के मुकाबले सबसे कम जल कनेक्शन करने वाले जिलों में जैसलमेर पहले, जोधपुर दूसरे, नागौर तीसरे, जालौर चौथे एवं झुंझुनूं पांचवे स्थान पर है।

झालावाड़ ने सर्वाधिक 60 प्रतिशत जल कनेक्शन किए हैं। चित्तौड़गढ़ 58 प्रतिशत के साथ दूसरे एवं भीलवाड़ा 56 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। जेजेएम में मार्च में अभी तक 52 हजार से अधिक कनेक्शन हो चुके हैं। इससे पहले फरवरी माह में 2 लाख जल कनेक्शन किए गए। जेजेएम में इस वित्तीय वर्ष में अभी तक 10 लाख 91 हजार 687 कनेक्शन हुए हैं।

अधिकारी सूचनाएं छिपाएं नहीं,सही ढंग से प्रस्तुत करें

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अभियंता सूचनाएं छिपाएं नहीं बल्कि बैठक के दौरान सूचनाएं सही तरीके से रखी जाएं ताकि विभिन्न मुद्दों को हल करते हुए परियोजनाएं समय पर धरातल पर लाई जा सकें। बैठक में एमडी जल जीवन मिशन अविचल चतुर्वेदी, उप सचिव गोपाल सिंह, मुख्य अभियंता (जल जीवन मिशन) आरके मीना, मुख्य अभियंता (विशेष परियोजना) दिनेश गोयल,मुख्य अभियंता (प्रशासन) राकेश लुहाड़िया, मुख्य अभियंता (जोधपुर) नीरज माथुर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (शहरी) अमिताभ शर्मा भी मौजूद थे।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version