उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। रेल यात्रियों को एक और सौगात देते हुए रेलवे द्वारा उदयपुर से असारवा (अहमदाबाद) जाने के लिए शनिवार से एक और ट्रेन शुरू की है।
इंदौर-उदयपुर-इंदौर रेलसेवा का असारवा(अहमदाबाद)तक विस्तार का शुभारंभ सांसद कनकमल कटारा, सीपी जोशी और अपर मंडल रेल प्रबंधक बलदेव राम की मौजूदगी में हुआ। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विवेक रावत और क्षेत्रीय प्रबंधक बद्री प्रसाद स्वामी भी मौजूद थे।
विशेष रेल सेवा गाडी संख्या 09329 उदयपुर-असारवा स्पेशल सुबह 7.30 बजे सिटी रेलवे स्टेशन से रवाना होकर दोपहर 1.20 बजे असारवा पहुंचेगी। नियमित रेलसेवा गाडी संख्या 19329 इंदौर-असारवा एवं गाडी संख्या 19330 असारवा-इंदौर प्रतिदिन संचालित होगी।
नियमित रेलसेवा गाडी संख्या 19329 इंदौर-असारवा रेलसेवा 4 मार्च से इंदौर से निर्धारित समय शाम 5.40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4.15 बजे उदयपुर पहुंचकर यहां से 5 बजे प्रस्थान कर सुबह 10.55 बजे असारवा पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाडी संख्या 19330 असारवा-इंदौर रेल प्रतिदिन असारवा से दोपहर 2.15 बजे रवाना होकर रात्रि 8.05 बजे उदयपुर पहुंचकर रात्रि 8.35 बजे यहां से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7.00 बजे इंदौर पहुंचेगी।
रेल सेवा के इस विस्तार से उदयपुर असारवा के मध्य उमरा, जावर, जयसमन्द रोड, सेमारी, ऋषभदेव रोड, डूंगरपुर, बिछीवाडा, शामलाजी रोड, हिम्मतनगर, प्रांतिज, तलोद, नांदोल दहेगाम,नारोडा व सरदार ग्राम स्टेशनों के रेल यात्री लाभान्वित होंगे। इंदौर,उदयपुर सिटी, इंदौर के मध्य संचालन समय एवं ठहराव पूर्व में चल रही व्यवस्था के अनुरूप रहेंगे।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

