Site iconSite icon AR Live News

निलंबित एडि.एसपी दिव्या मित्तल का रिसोर्ट टूटा: यूआईटी ने चलाए बुलडोजर

udaipur uit dismental illegal construction of ASP Divya mittal resort in udaipurudaipur uit dismental illegal construction of ASP Divya mittal resort in udaipur

दो करोड़ रूपए की रिश्वत मामले में निलंबित मित्तल अभी जेल में हैं बंद

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर से सटे राजस्व ग्राम चिकलवास क्षेत्र में पालड़ी स्कूल के पास बने निलंबित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडि.एसपी) दिव्या मित्तल के रिसोर्ट नेचुरल हिल पैलेस पर शुक्रवार को यूआईटी ने बुलडोजर चला दिए (uit dismental Divya Mittal Resort)। दो करोड़ की रिश्वत के मामले में दिव्या मित्तल जेल में बंद हैं।

यूआईटी की नोटिस प्रक्रिया को देखते हुए बीती रात रिसोर्ट प्रबंधन ने आनन-फानन में रिसोर्ट को खाली करने का काम शुरू किया। उस दौरान निगरानी के लिए यूआईटी की टीम भी मौके पर तैनात रही। यूआईटी की टीम सचिव नितेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंची और रिसोर्ट के नाम पर अवैध रूप से हुए पक्के निर्माण पर बुलडोजर चलवा दिए। राजस्व ग्राम चिकलवास में फार्म हाउस प्रयोजनार्थ यूआईटी से जारी पट्टे पर बिना भू-उपयोग परिवर्तन करवाए रिसोर्ट बनाकर व्यवसायिक उपयोग करने पर यह कार्रवाई हुई है। यहां जो निर्माण किया गया वह भी बिना स्वीकृति के किया गया था।

अंतिम नोटिस 1 मार्च को दिया, अवैध निर्माण हटाने 24 घंटे की मोहल्लत दी थी

न्यायालय तहसीलदार, नगर विकास प्रन्यास ने इस मामले में दिव्या मित्तल पुत्री विनोद कुमार मित्तल, सुमित कुमार पुत्र रामनिवास जाट चिकलवास के नाम 23 फरवरी 2023 को नोटिस जारी किया था। नोटिस में कहा गया कि आप द्वारा फार्म हाउस प्रयोजनार्थ जारी पट्टे पर बिना भू उपयोग परिवर्तन करवाए व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा हैं। इस अवैध निर्माण के विरूद्ध न्यास द्वारा विधि सम्मत आदेश पारित करने विरूद्ध कोई एतराज रखते हो तो 1 मार्च 2023 को इस न्यायालय में उपस्थित हो। इस तारीख तक उपस्थित नहीं होने पर इस अवैध निर्माण को न्यास द्वारा हटाया जाएगा और हर्जे-खर्चे की समस्त जिम्मेदारी आप स्वयं की होगी। इस नोटिस के बाद यूआईटी ने 1 मार्च को अंतिम नोटिस और जारी कर 24 घंटे में अवैध निर्माण को हटाने की हीदायत दी गई। इस प्रक्रिया के बाद शुक्रवार को यूआईटी ने मौके पर बुलडोजर चला दिए।

16 जनवरी को एसीबी ने किया था गिरफ्तार

गौरतलब है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 16 जनवरी को राजस्थान पुलिस के एसओजी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडिएसपी दिव्या मित्तल को दलाल बर्खास्त कांस्टेबल सुमित कुमार के जरिए 2 करोड़ रूपए की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस विभाग ने दिव्या मित्तल को निलंबित कर दिया था। मामले में दिव्या मित्तल अभी जेल में बंद हैं। एसीबी के परिवादी दवा करोबारी है, उसके खिलाफ मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में मामला दर्ज है, इस मामले में जांच एसओजी एडिएसपी दिव्या मित्तल कर रही थीं। मामले में गिरफ्तार नहीं करने की एवज में दिव्या मित्तल ने परिवादी से 2 करोड़ रूपए की रिश्वत मांगी थी।

यह भी पढ़ें : क्यों गिरफ्तार हुई थी दिव्या मित्तल

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version