उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। टीचर भर्ती पेपर लीक मामले (teacher recruitment paper leak case) में उदयपुर पुलिस ने शुक्रवार को मास्टर माइंड भूपेन्द्र सारण की सड़कों पर परेड निकाली। भूपेन्द्र सारण को गुरूवार को बेंगलुरू एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया था, पुलिस टीम आज शुक्रवार सुबह उसे उदयपुर लेकर पहुंची। यहां उसे हाथीपोल थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है।
शुक्रवार को कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस टीम उसे हाथीपोल थाने से हॉस्पिटल रोड होते हुए कोर्ट तक पैदल-पैदल अपराधी की तरह लेकर गयी। हालां कि देखने वाली बात यह थी कि इस दौरान भी भूपेन्द्र सारण के चेहरे पर शिकन नहीं, बल्कि मुस्कुराहट थी। पुलिस ने आरोपी भूपेन्द्र सारण को कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने 27 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले में भूपेन्द्र सारण की गिरफ्तारी काफी अहम है, क्यों कि यही इस पूरे गिरोह का मास्टर माइंड है और इसी ने पेपर वाट्सएप के जरिए सुरेश विश्नोई को भेजा था।
भूपेन्द्र पर 1 लाख रूपए का ईनाम घोषित था
पुलिस ने उदयपुर के गोगुंदा हाइवे पर 24 दिसंबर 2022 की अलसुबह सीनियर टीचर भर्ती पेपर से पहले एक बस में अभ्यर्थियों को पकड़ा था। इस बस में अभ्यर्थियों को पेपर सॉल्व करवाया जा रहा था। पुलिस ने बस से अभ्यर्थियों सहित सरकारी स्कूल का हैड मास्टर सुरेश विश्नोई और भजनलाल विश्नोई को भी गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सुरेश विश्नोई ने बताया था कि उसे यह पेपर भूपेन्द्र सारण ने वाट्स-एप पर भेजा था। तब से भूपेन्द्र सारण फरार चल रहा था। भूपेन्द्र की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान पुलिस ने उस पर 1 लाख रूपए का ईनाम घोषित किया था और उसकी जयपुर स्थित पांच मंजिला कोचिंग इंस्टीट्यूट को भी गिरा दिया गया था।
2011 और 2022 में भी भर्ती परीक्षाओं का पेपर लीक कर चुका है
राजस्थान पुलिस के एसओजी को सूचना थी कि भूपेन्द्र सारण बेंगलुरू पहुंच सकता है, ऐसे में एसओजी टीम पिछले एक सप्ताह से बेंगलूरू में ही थी, एसओजी को सूचना मिली कि सारण बेंगलूरू एयरपोर्ट पर है, इस पर टीम ने एयरपोर्ट पर दबिश देकर वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि मामले में अब तक बस से पकड़े गए अभ्यर्थियों सहित 57 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
भूपेंद्र सारण वर्ष 2011 में जीएनएम भर्ती पेपर लीक और वर्ष 2022 में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी शामिल था। वह जेल भी जा चुका है। पुलिस जयपुर से भूपेंद्र सारण की गर्लफ्रेंड और पत्नी को गिरफ्तार कर चुकी है। नकल गिरोह और पेपर लीक मामलों में उसकी पूर्व में भी गिरफ्तारी हो चुकी है। लेकिन जमानत पर छूटने के बाद वह फिर होने वाली अगली भर्ती परीक्षा का पेपर प्राप्त करने के लिए गिरोह सक्रिय करता है और अभ्यर्थियों को लाखों रूपए में यह पेपर बेचा जाता है।
यह भी पढ़ें : जमींदोज हुआ पांच मंजिला कोचिंग इंस्टीट्यूटी
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
यह भी पढ़े : एक या दो अभ्यर्थी नहीं, नकल गिरोह की पूरी बस भर कर आयी थी

