उदयपुर मीडिया अवार्ड-2023
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। पत्रकारों की सबसे बड़ी चुनौती है आने वाली तकनीकी। चैटजीपीटी आर्टिफिशियल इंटलिजेंस एआई जैसी तकनीकी से पत्रकारिता के एक नये दौर की शुरूआत होगी। ऐसे में पत्रकार को हर मोर्चे पर सफल होना है, तो उसके लिए खुद को अपडेट्स करना बेहद जरूरी है। पत्रकारों को नई तकनीक के साथ काम करते हुए आगे बढ़ना होगा। यह बात इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के उदयपुर चैप्टर के अध्यक्ष एवं अरावली ग्रुप के निदेशक डॉ. आनंद गुप्ता ने कही।
अरावली फाउंडेशन, लेकसिटी प्रेस क्लब और जार जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के साझे में रविवार को शहर के भुवाणा स्थित भैरव बाग में उदयपुर मीडिया अवार्ड 2023 आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे डॉ. आनंद गुप्ता ने सभी पत्रकारों को एकजुट होकर एक बैनर के नीचे खड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हित में संगठनों को भी चाहिए कि वे समय-समय पर पत्रकारों को अपडेट करने के लिए प्रयास करते रहें।
वरिष्ठ पत्रकारों सहित 53 लोगों का हुआ सम्मान
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेंद्र भाणावत, विष्णु शर्मा हितेषी, लोकेश कुमार आचार्य, शैलेश व्यास, डॉ. उग्रसेन राव, संजय गौतम, राजेंद्र हिलौरिया, शांतिलाल सिरोया, सनत जोशी, प्रकाश शर्मा, रफीक पठान, प्रमोद श्रीवास्तव, मुनेश अरोरा, ऋतुराज, मनीष जोशी सहित सक्रिय पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (एआर लाइव न्यूज), आनंद शर्मा (महानगर टाइम्स), एमएलएसयू के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डा कुंजन आचार्य, जनसंपर्क निदेशालय संयुक्त निदेशक कमलेश शर्मा सहित पत्रकार जगह से जुड़ी 53 हस्तियों को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
फिल्मी गीतों की लाइव परफॉर्मेंस ने बांधा समां
कार्यक्रम में लेकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष कपिल श्रीमाली और जार के जिलाध्यक्ष अजय आचार्य ने कहा कि डॉ आनंद गुप्ता की सोच हमेशा से पत्रकारों को प्रोत्साहन करने वाली रही है और आज इसकी सोच का ही परिणाम है कि एक बेहतरीन कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उदयपुर मीडिया जगत की उन हस्तियों का सम्मान हुआ है जो शहर की पत्रकारिता में नींव के पत्थर है। जार के महासचिव अल्पेश लोढा ने बताया कि समारोह में अलग-अलग तीन केटेगरी में पत्रकारिता से जुड़ी हुई 53 हस्तियां का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में फर्स्ट इंडिया के वरिष्ठ पत्रकार रवि शर्मा ने फिल्मी गीतों पर प्रस्तुतियां देकर मन मोह लिया कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती रागिनी पानेरी ने किया। कार्यक्रम में अग्नि बैंड के अरुण सालवी ने फिल्मी गीतों की एक से बढकऱ एक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

