Site iconSite icon AR Live News

4300 से अधिक फ्लैट और स्वतंत्र आवासों के लिए योजना लॉन्च करने की तैयारी

rajasthan housing board Schemerajasthan housing board Scheme

योजना में उदयपुर (हिरणमगरी), भींडर व सलूंबर भी है शामिल

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान आवासन मंडल द्वारा बने फ्लैट, विला और अन्य संपत्ति खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए सुखद खबर है कि मंडल द्वारा प्रदेश भर में 4300 से ज्यादा बहुमंजिला फ्लैट्स और स्वतंत्र आवासों के लिए नई योजनाएं लाई जा रही हैं।

आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा की अध्यक्षता में मंगलवार को जयपुर में हुई बैठक में शहरों में पुरानी योजनाओं में बचे आवासीय भवनों व नई योजनाओं के रेरा में पंजीकरण योजनाओं की लागत और उपभोक्ताओं के लिए तय दर तथा लॉन्चिंग से जुड़ी सम्पूर्ण प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने बताया कि नई लॉन्चिंग के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है कुछ शेष बचे कामों के साथ जल्द ही आवासीय योजनाएं लांच कर दी जाएंगी।

मंडल द्वारा अब तक कुल 78 योजनाओं को रेरा में पंजीकृत कर दिया गया हैं। अधिकारियों को आगामी 24 फरवरी तक 100 योजनाओं को पंजीकृत करने के भी निर्देश दिए। जल्द ही स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल योजनाओं को लॉन्च करेंगे। बैठक में मुख्य अभियंता प्रथम केसी मीणा, मुख्य अभियंता द्वितीय जीएस बाघेला, वित्तीय सलाहकार संजय शर्मा, मुख्य संपदा अधिकारी प्रीति पंवार, अतिरिक्त मुख्य नगर नियोजक अनिल माथुर भी मौजूद थे।

योजना में ये स्थान है शामिल

आयुक्त अरोड़ा ने बताया कि जयपुर के प्रताप नगर सेक्टर 22-23 और 26 में कुल 1332, चूरु में 10, किशनगढ़ के खोड़ा में 57, धौलपुर में 45, बूंदी के लाखेरी में 317, टोंक के निवाई में 77, जोधपुर के बड़ली में 1090, चौपासनी में 72, हनुमानगढ़ में 504, आबूरोड में 189, भींडर में 22, सलूंबर में 16, भीलवाड़ा के पटेल नगर 38, शाहपुरा में 46, चित्तौड़गढ़ के निंबाहेडा में 71, बड़ी सादड़ी में 74, बांसवाड़ा परतापुर में 80, दुर्गापुर में 63 और उदयपुर के हिरण मगरी में 24 एचआईज,एमआईजी, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवासों के लिए योजना लॉन्च की जाएगी।

Exit mobile version