जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने गुरूवार को विधानसभा में जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में चिरंजीवी परिवारों की महिला मुखिया को मुफ्त स्मार्ट फोन देने की योजना प्रक्रियाधीन है और योजना के अन्तर्गत बजट प्रावधान किया हुआ है।
डॉ. कल्ला ने प्रश्नकाल में विधायकों के पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि इस योजना के लिए वर्तमान में 2600 करोड़ रूपए का प्रावधान किया हुआ है। डॉ. कल्ला ने बताया कि राज्य सरकार ने बजट 2022 में यह योजना शुरू करने की घोषणा की थी। जिसमें एक करोड़ 33 लाख चिरंजीवी परिवारों की महिला मुखिया को स्मार्ट फोन दिए जाने हैं। प्रदेश में 30 जनवरी 2023 तक एक करोड़ 37 लाख 82 हजार 951 परिवार चिरंजीवी योजना में पंजीकृत हैं।

