नारायण सेवा संस्थान एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा शिविर
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। नारायण सेवा संस्थान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 14 जनवरी में उदयपुर में विशाल निशुल्क दिव्यांग ऑपरेशन जांच, चयन, सहायक उपकरण वितरण एवं कृत्रिम अंग माप शिविर आयोजित होगा। शिविर (disabled free mega camp) नारायण सेवा संस्थान के हिरणमगरी सेक्टर 4 स्थिति परिसर में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
नारायण सेवा संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी भगवान प्रसाद गौड़ ने बताया कि शिविर में ट्राइसाईकल, व्हील चेयर, वैशाखी, श्रवण यंत्र वितरण के साथ ऑपरेशन एवं कृत्रिम अंग के लिए भी चयन होगा। भारत सरकार की एडीप योजना के तहत यह शिविर मकर संक्रान्ति पर होगा। भारत सरकार द्वारा देशभर में 67 स्थानों पर सामाजिक अधिकारिता शिविरों का आयोजन कर रहा है। जिसमें संस्थान द्वारा उदयपुर सहित जालोर और डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर भी विशाल शिविर आयोजित होगा।
शिविर में लाभार्थी साथ लेकर आएं दिव्यांगता प्रमाणपत्र की फोटोकॉपी
मीडिया प्रभारी विष्णु शर्मा हितैषी ने बताया कि शिविर में संस्थान के डॉक्टर्स टीम जन्मजात, पोलियो व प्रमस्तिष्क घात के रोगियों की जांच करेगी और शल्य चिकित्सा के काबिल दिव्यांगों का चयन किया जाएगा। अन्य रोगियों को मौके पर ही ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, वैशाखी भी दी जाएगी।
वृद्धजनों या सुनने की समस्या से ग्रस्त जनों को श्रवण यंत्र दिए जांएगे। इसके अलावा ऑर्थोटिस्ट एवं प्रोस्थेटिक टीम द्वारा दुर्घटना में अंग विहीन हो चुके लोगों के मेजरमेन्ट लेंगी। उन्हें एक माह बाद पुनः फॉलोअप शिविर में कृत्रिम हाथ-पैर लगाए जाएंगे। लाभार्थी गण अपने साथ दिव्यांगता दर्शाते हुए 3 पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र की फोटो कॉपी सुविधा की दृष्टि से अवश्य लेकर आएं।
शिविर संयोजक नरेंद्र सिंह ने बताया कि शिविर में लाभ लेने आने वाले दिव्यांगों और उनके परिजनों के लिए अल्पाहार, चाय एवं एक समय के भोजन की निशुल्क व्यवस्था संस्थान द्वारा उपलब्ध रहेगी। दिव्यांगों की सहायता के लिए संस्थान की 40 सदस्य टीम इस शिविर में सेवाएं देगी।

