सालाना पांच लाख के पैकेज में भी मिला रोजगार : गुरूवार को मुख्यमंत्री देंगे ऑफर लेटर
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के मकसद से उदयपुर में बुधवार को शुरू हुए दो दिवसीय राजस्थान मेगा जॉब फेयर के पहले ही दिन युवाओं में काफी उत्साह नजर आया। पहले ही दिन करीब 6700 अभ्यर्थी इंटरव्यू देने पहुंचे जिनमें से 2800 अभ्यर्थियों का प्राथमिक तौर पर चयन हुआ हैं। गुरूवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्य मंत्री अशोक चांदना जॉब फेयर में युवाओं से मिलंेगे और रोजगार प्राप्त करने वाले व्यक्तियों को ऑफर लेटर प्रदान करेंगे।
सुखाड़िया सर्किल के पास स्थित रेल्वे ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित राजस्थान मेगा जॉब फेयर में बेहतर रोजगार की उम्मीद लिए बुधवार सुबह 9 बजे से ही अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। विभिन्न कंपनियो की अलग.अलग स्टॉल लगाई गई जहां अभ्यर्थियों ने अपने दस्तावेज बताकर इंटरव्यू दिए। पहले दिन बुधवार को करीब 6700 अभ्यर्थी इंटरव्यू देने पहुंचे जिनमें से 2800 अभ्यर्थियों का प्राथमिक तौर पर चयन हुआ।
जॉब फेयर में किसी को सेल्स एंड मार्केटिंग मेनेजर, एचआर सीनियर एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर व संपर्क अधिकारी की नौकरी मिली तो किसी का डिजिटल मार्केटिंग, केश ऑफिसर, रिसेप्शनिस्ट, कंस्ट्रक्शन टेक्नीशियन के पद पर अच्छी सैलेरी के साथ चयन हुआ। इस जॉब फेयर में युवाओं को सालाना 5 लाख के पैकेज वाला रोजगार भी उपलब्ध हुआ हैं। मुकेश सोनी का रिलायंस जिओ में सालाना 5 लाख के पैकेज पर चयन हुआ है।
प्रदेश के कई जिलों से अभ्यर्थी उदयपुर पहुंचे
जॉब फेयर में उदयपुर संभाग के जिलों के साथ ही प्रदेश के कई जिलों से अभ्यर्थी भाग लेने उदयपुर पहुंचे हैं। बुधवार को कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के शासन सचिव पीसी किशन, आयुक्त रेणु जयपाल व उदयपुर जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने भी जॉब फेयर में व्यवस्थाएं देखी। संयुक्त श्रम आयुक्त संकेत मोदी एवं शिविर प्रभारी रोजगार अधिकारी मुकेश गुर्जर भी मौजूद थे। गुरुवार को इंटरव्यू एवं चयन का दौर चलेगा तथा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान करेंगे।

