देहरादून,(एआर लाइव न्यूज)। भारतीय टीम के क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार का शुक्रवार सुबह एक्सीडेंट हो गया। ऋषभपंत को झपकी लगने से मर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर कार में आग लग गयी। हादसे में गंभीर घायल हुए ऋषभ जलती कार की खिड़की तोड़कर बाहर निकले।
जलती कार को देखकर स्थानीय लोग बचाने के लिए दौड़े और घायल ऋषभ को कार से दूर लेकर गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर्स के अनुसार ऋषभ के सिर, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आयी हैं। फिलहाल ऋषभ का देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
हम मेडिकल टीम और उनकी फैमिली के संपर्क में हैं : बीसीसीआई
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ट्विट कर कहा है कि पंत जल्दी ठीक होने की हम प्रार्थना करते हैं। हम उनका इलाज कर रही मेडिकल टीम और उनके परिवार के लगातार संपर्क में हैं। ऋषभ की स्थिति अभी स्थिर है। एमआरआई के बाद उनकी चोट की गंभीरता का पता चल सकेगा। हम उनकी रिकवरी की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। इस मुश्किल समय में हम पंत को हरसंभव मेडिकल ट्रीटमेंट और मदद देंगे।

