Site iconSite icon AR Live News

एमपीयूएटी का 16वां दीक्षांत समारोह: राज्यपाल ने कृषि में शोध और नवाचारों की जरूरत बताई

MPUAT 16th Convocation 2022 Governor said research and innovation is necessary for agricultureMPUAT 16th Convocation 2022 Governor said research and innovation is necessary for agriculture
राज्यपाल ने दिया नया नारा : जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT) का 16वां दीक्षांत समारोह बुधवार को आयोजित हुआ। कुलाधिपति एवं राज्यपाल कलराज मिश्र ने उपस्थित विद्यार्थियों, अतिथियों और अभिभावकों को संविधान की शपथ दिलाकर समारोह की शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों को उपाधि एवं स्वर्ण पदक प्रदान कर शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री द्वारा दिये गए नारे जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान के साथ जय अनुसंधान जोड़कर नये नारे की ओर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा नवाचार अपनाते हुए ऐसे विषयों पर विश्वविद्यालय ध्यान दे, जिससे खेतों में उन्नत पैदावर ही नहीं हो, बल्कि स्थानीय जलवायु के अनुसार खेती आगे बढ़े। मैं चाहता हूं, कि यह विश्वविद्यालय ऐसे शोध विकसित करे, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढे, विभिन्न प्रकार की फसलों का उत्पादन हो और खेती में रासायनिक उर्वरकों का कम से कम उपयोग हो।

राज्यपाल ने कहा खेती के पारम्परिक तरीकों के साथ कृषि विज्ञान की हमारी वैदिक परम्परा और लोक से जुड़े ज्ञान का उपयोग पर वृहद स्तर पर चिंतन करने की आज जरूरत है। कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी व खाद्य सुरक्षा के अंतर्गत हमें अब बहु-आयामी रणनीति अपनानी होगी।

दीक्षांत समारोह कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व उप महानिदेशक व एमपीयूएटी पूर्व कुलपति डॉ. एसएल मेहता ने दीक्षांत समारोह में उद्बोधन दिया। कुलपति डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक ने स्वागत के साथ विश्वविद्यालय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

इन्हें मिली उपाधि और स्वर्ण पदक

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनील इंटोदिया ने बताया की दीक्षांत समारोह में 954 उपाधियाँ प्रदान की गईं, जिनमें कृषि, इंजीनियरिंग, सामुदायिक विज्ञान, डेयरी टेक्नोलॉजी व मात्स्यकी संकाय में 760 स्नातक, 126 स्नातकोत्तर व 68 विद्या-वाचस्पति की उपाधियाँ प्रदान की गईं। 650 छात्रों को एवं 304 छात्राओं को उपाधि मिली हैं।

दीक्षांत समारोह में एमएलएसयू कुलपति डॉ. आईवी त्रिवेदी, राजुवास बीकानेर के कुलपति डॉ. एसके गर्ग, पूर्व कुलपति डॉ. एके गहलोत, एमपीयूएटी पूर्व कुलपति डॉ. उमा शंकर शर्मा, एमपीयूएटी से समारोह समन्वयक डॉ. पीके सिंह, कुलसचिव सुधांशु सिंह, जन संपर्क अधिकारी डॉ. सुबोध शर्मा, डॉ. सोनू मेहता, डॉ. गायत्री तिवारी सहित अन्य अधिकारी, छात्रों के अभिभावक व विश्वविद्यालय स्टाफ उपस्थित हुए।

Exit mobile version